



टोंक में जिला स्तरीय रोजगार उत्सव आयोजित, 1660 नवनियुक्त कार्मिकों को वेलकम किट और नियुक्ति पत्र प्रदान
टोंक। राज्य सरकार के निर्देशानुसार जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग के तत्वावधान में शनिवार को कृषि ऑडिटोरियम, टोंक में जिला स्तरीय रोजगार उत्सव का आयोजन किया गया। इस दौरान बालोतरा जिले के पचपदरा स्थित एचआरआरएल रिफाइनरी लोकार्पण तथा विभिन्न विकास कार्यों के शिलान्यास कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी किया गया। यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्य आतिथ्य और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित हुआ।
जिला स्तरीय रोजगार उत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री कन्हैयालाल चौधरी शामिल हुए। उन्होंने नवनियुक्त राजकीय कार्मिकों को वेलकम किट एवं प्रतीकात्मक नियुक्ति पत्र प्रदान किए। जिले के 1660 राजकीय कार्मिकों को नियुक्ति से जुड़ी यह सौगात मिली।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जलदाय मंत्री कन्हैयालाल चौधरी ने कहा कि राजस्थान विकास के पथ पर नए आयाम स्थापित कर रहा है। आज का दिन हम सभी के लिए गौरव का दिन है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को रोजगार, विकास कार्यों को गति और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए लगातार कार्य कर रही है।
जलदाय मंत्री चौधरी ने नवनियुक्त राजकीय कार्मिकों से मन लगाकर लोकसेवक के रूप में जनता की सेवा करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सरकारी सेवा केवल नौकरी नहीं, बल्कि आमजन के जीवन को बेहतर बनाने की जिम्मेदारी है। उन्होंने कार्मिकों से सरकारी योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन और संवेदनशील प्रशासनिक कार्यशैली अपनाने पर जोर दिया।
इस अवसर पर जलदाय मंत्री चौधरी ने मानसून के दौरान अधिकाधिक पौधारोपण करने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है और हर व्यक्ति को पौधारोपण अभियान से जुड़ना चाहिए। उन्होंने बताया कि वे वर्ष 2000 से लगातार पौधारोपण कर रहे हैं।
जलदाय मंत्री चौधरी ने कहा कि पिछले वर्ष उनकी विधानसभा क्षेत्र में चार लाख पौधे लगाए गए थे, जिनमें से करीब एक लाख पौधे जीवित हैं। इस बार उनकी विधानसभा के साथ-साथ पूरे जिले में व्यापक स्तर पर पौधारोपण अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने बताया कि टोडारायसिंह-मालपुरा विधानसभा क्षेत्र की प्रत्येक ग्राम पंचायत में 5-5 हजार पौधों के लिए तारबंदी कर दी गई है। साथ ही ट्यूबवेल और पानी की टंकी की व्यवस्था भी की गई है।
उन्होंने कहा कि इस बार फलदार पौधे लगाए जाएंगे, ताकि पक्षियों और अन्य जीव-जंतुओं को भी उनका लाभ मिल सके। मंत्री ने बताया कि उनकी स्कूल संस्था की ओर से 40 हजार आम के पौधे उपलब्ध कराए गए हैं। विधानसभा क्षेत्र के जिन परिवारों में बच्चे हैं, उन्हें आम का एक-एक पौधा दिया जाएगा, ताकि वे पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण के अभियान से जुड़ सकें।
कार्यक्रम में जिला कलेक्टर टीना डाबी, पुलिस अधीक्षक रोशन मीणा, जिलाध्यक्ष चंद्रवीर सिंह चौहान, पूर्व विधायक अजीत सिंह मेहता, पुनीत कर्णावत, एस. खान, पूर्व सभापति लक्ष्मी जैन, पूर्व प्रधान खेमराज मीणा, प्रभु बाड़ोलिया, विष्णु शर्मा, दीपक संगत, अंजली गुप्ता, नीलिमा आमेरा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और आमजन मौजूद रहे।