



सीएमएचओ टीम ने SMS अस्पताल को गलत ब्लड ग्रुप रिजर्व रखने का भेजा पत्र, बाद में सुधार कर दोबारा भेजा गया लेटर
जयपुर। पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ की शुक्रवार को जयपुर के एक निजी अस्पताल में एंजियोप्लास्टी की गई। वे पहले से तय कार्डियक फॉलोअप और रूटीन जांच के लिए जयपुर पहुंचे थे। एयरपोर्ट से वे सीधे जवाहर सर्किल स्थित निजी अस्पताल पहुंचे, जहां हार्ट संबंधी जांचों के बाद दोपहर में उनकी एंजियोप्लास्टी की गई।
इसी दौरान सर्जरी से पहले सीएमएचओ टीम की ओर से ब्लड ग्रुप को लेकर एक चूक सामने आई। जानकारी के अनुसार, धनखड़ के निजी सचिव की ओर से आए प्रोटोकॉल लेटर में ‘A’ पॉजिटिव ब्लड की व्यवस्था के निर्देश थे, लेकिन सीएमएचओ कार्यालय की ओर से सवाई मानसिंह अस्पताल प्रशासन को ‘O’ नेगेटिव ब्लड ग्रुप रिजर्व रखने के लिए पत्र भेज दिया गया।
जब दोनों पत्र एसएमएस अस्पताल पहुंचे और उनमें अलग-अलग ब्लड ग्रुप दर्ज पाया गया, तो अस्पताल के डॉक्टरों ने तुरंत इसकी सूचना संबंधित अधिकारियों को दी। इसके बाद गलती सुधारते हुए ‘A’ पॉजिटिव ब्लड के लिए दोबारा पत्र भेजा गया।
सूत्रों के अनुसार, हार्ट संबंधी जांच के बाद पूर्व उपराष्ट्रपति धनखड़ की एंजियोप्लास्टी की गई और दो स्टेंट लगाए गए। एंजियोग्राफी वरिष्ठ इंटरवेंशनल कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. समीन के. शर्मा की देखरेख में की गई।
जयपुर सीएमएचओ डॉ. रवि शेखावत ने इस चूक को टाइपिंग मिस्टेक बताया। उन्होंने कहा कि ‘O’ नेगेटिव ब्लड ग्रुप धनखड़ की पत्नी का है। गलती से पूर्व उपराष्ट्रपति के लिए उसी ग्रुप का ब्लड रिजर्व रखने के लिए लिख दिया गया था। उन्होंने बताया कि पत्र में सुधार कर उसे दोबारा एसएमएस अस्पताल भिजवा दिया गया था।
हालांकि समय रहते गलती पकड़ में आने से किसी तरह की परेशानी नहीं हुई, लेकिन वीवीआईपी मेडिकल प्रोटोकॉल में ब्लड ग्रुप जैसी संवेदनशील जानकारी को लेकर हुई इस चूक ने प्रशासनिक सतर्कता पर सवाल जरूर खड़े किए हैं।