Saturday, 04 July 2026

प्रधानमंत्री मोदी का राजस्थान दौरा आज, 1.06 लाख करोड़ से अधिक की परियोजनाओं की देंगे सौगात


प्रधानमंत्री मोदी का राजस्थान दौरा आज, 1.06 लाख करोड़ से अधिक की परियोजनाओं की देंगे सौगात

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

जोधपुर एयरपोर्ट टर्मिनल, संशोधित उड़ान योजना, पचपदरा रिफाइनरी और जयपुर मेट्रो फेज-2 सहित कई बड़े प्रोजेक्ट्स शामिल

जयपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 4 जुलाई 2026 को राजस्थान के ऐतिहासिक दौरे पर आ रहे हैं। इस दौरान वे प्रदेश को इंफ्रास्ट्रक्चर, ट्रांसपोर्ट, कनेक्टिविटी, ऊर्जा और रोजगार के क्षेत्र में 1.06 लाख करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। प्रधानमंत्री जोधपुर, बालोतरा, जयपुर और प्रदेश के अन्य क्षेत्रों से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का लोकार्पण, उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे।

प्रधानमंत्री के इस दौरे को पश्चिमी राजस्थान के विकास के साथ-साथ पूरे प्रदेश की औद्योगिक और परिवहन व्यवस्था के लिए अहम माना जा रहा है। कार्यक्रम में ग्रीनफील्ड रिफाइनरी, आधुनिक एयरपोर्ट टर्मिनल, मेट्रो रेल विस्तार और युवाओं को सरकारी नौकरी के नियुक्ति पत्र वितरण जैसे बड़े जनहित के कार्य शामिल हैं।

प्रधानमंत्री मोदी का मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सुबह 10:45 बजे विशेष विमान से जोधपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। सुबह 11 बजे वे जोधपुर एयरपोर्ट के नए टर्मिनल भवन का लोकार्पण करेंगे और संशोधित उड़ान योजना की शुरुआत करेंगे। इसके बाद सुबह 11:20 बजे हेलीकॉप्टर से बालोतरा के पचपदरा के लिए रवाना होंगे।

दोपहर 12:15 बजे प्रधानमंत्री एचपीसीएल रिफाइनरी के कंट्रोल रूम पहुंचेंगे। यहां वे पौधारोपण करेंगे और रिफाइनरी परिसर का निरीक्षण करेंगे। दोपहर 12:45 बजे वे मुख्य समारोह स्थल पर पहुंचेंगे। इसके बाद दोपहर 12:52 बजे ‘विकसित राजस्थान’ थीम पर आधारित लघु फिल्म का प्रदर्शन देखा जाएगा।

दोपहर 1:15 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद दोपहर 1:45 बजे वे बालोतरा से वापस जोधपुर के लिए रवाना होंगे। दोपहर 2:40 बजे जोधपुर एयरपोर्ट पहुंचने के बाद दोपहर 2:45 बजे वे जोधपुर से गुजरात के अहमदाबाद स्थित साणंद के लिए उड़ान भरेंगे।

जोधपुर एयरपोर्ट को मिलेगा नया आधुनिक टर्मिनल

जोधपुर और आसपास के जिलों के यात्रियों के लिए हवाई सफर को और सुगम बनाने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री 480 करोड़ रुपये की लागत से बने जोधपुर एयरपोर्ट के नए टर्मिनल भवन का उद्घाटन करेंगे। यह टर्मिनल 23 हजार वर्ग मीटर से अधिक क्षेत्र में फैला है और प्रतिवर्ष लगभग 20 लाख यात्रियों को संभालने की क्षमता रखता है।

नए टर्मिनल भवन की वास्तुकला राजस्थान की शाही विरासत, मेहराबों और झरोखों से प्रेरित है। इसे पर्यावरण-अनुकूल और ऊर्जा-कुशल मानकों के अनुरूप तैयार किया गया है। यह टर्मिनल पश्चिमी राजस्थान में पर्यटन, व्यापार और क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को नई मजबूती देगा।

संशोधित उड़ान योजना की होगी शुरुआत

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जोधपुर से संशोधित उड़ान योजना की भी शुरुआत करेंगे। 28,840 करोड़ रुपये के बजट वाली इस योजना का उद्देश्य देश में हवाई कनेक्टिविटी को और व्यापक बनाना है। अगले 10 वर्षों में विमानन क्षेत्र के विस्तार के लिए 100 नए या अप्रयुक्त हवाई अड्डों को चालू करने की योजना है।

इसके साथ ही दुर्गम और दूरस्थ क्षेत्रों में कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए 200 आधुनिक हेलीपैड विकसित किए जाने का प्रावधान भी रखा गया है। यह योजना ‘उड़े देश का आम नागरिक’ के विजन को आगे बढ़ाते हुए आमजन को सस्ती, सुलभ और बेहतर हवाई सेवा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

पचपदरा रिफाइनरी बनेगी राजस्थान के औद्योगिक विकास का ग्रोथ इंजन

बालोतरा के पचपदरा में प्रधानमंत्री मोदी भारत के पहले ग्रीनफील्ड एकीकृत रिफाइनरी-सह-पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड और राजस्थान सरकार के संयुक्त उद्यम के रूप में तैयार यह परियोजना 79,450 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश से विकसित की गई है।

इस रिफाइनरी की वार्षिक क्षमता 9 मिलियन मीट्रिक टन है। यह परियोजना देश की ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने के साथ-साथ पश्चिमी राजस्थान में औद्योगिक विकास, निवेश और रोजगार के नए अवसरों को गति देगी। इसके साथ ही पेट्रोकेमिकल और प्लास्टिक आधारित उद्योगों के लिए भी यह परियोजना मजबूत आधार तैयार करेगी।

जयपुर मेट्रो फेज-2 का भी होगा शिलान्यास

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस दौरे के दौरान जयपुर मेट्रो रेल परियोजना फेज-2 का भी शिलान्यास करेंगे। करीब 41 किलोमीटर लंबे इस मेट्रो कॉरिडोर पर 13 हजार करोड़ रुपये से अधिक की लागत आएगी। यह कॉरिडोर प्रहलादपुरा से टोड़ी मोड़ तक विकसित किया जाएगा।

जयपुर मेट्रो फेज-2 सीतापुरा, वीकेआईए, जयपुर एयरपोर्ट, टोंक रोड, एसएमएस अस्पताल, रेलवे स्टेशन, अंबाबाड़ी और विद्याधर नगर जैसे प्रमुख क्षेत्रों को जोड़ेगा। इस परियोजना से राजधानी जयपुर में सार्वजनिक परिवहन को नई दिशा मिलेगी और शहर की यातायात व्यवस्था को बड़ी राहत मिलेगी।

रोजगार उत्सव में युवाओं को मिलेंगे नियुक्ति पत्र

प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के साथ प्रदेश में रोजगार उत्सव का भी आयोजन किया जाएगा। विभिन्न विभागों में चयनित नवनियुक्त कार्मिकों को नियुक्ति पत्र वितरित किए जाएंगे। इससे युवाओं को सरकारी सेवा में अवसर मिलने के साथ-साथ प्रदेश में रोजगार सृजन का सकारात्मक संदेश जाएगा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह दौरा राजस्थान के लिए विकास, निवेश, रोजगार और कनेक्टिविटी की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। रिफाइनरी, एयरपोर्ट, मेट्रो और उड़ान योजना जैसी परियोजनाएं आने वाले वर्षों में प्रदेश की अर्थव्यवस्था और आमजन के जीवन पर व्यापक प्रभाव डालेंगी।

    Previous
    Next

    Related Posts