Friday, 03 July 2026

दौसा जिला अस्पताल के 40 वर्षीय डॉक्टर हिमांशु शर्मा का निधन, हार्ट अटैक की आशंका


दौसा जिला अस्पताल के 40 वर्षीय डॉक्टर हिमांशु शर्मा का निधन, हार्ट अटैक की आशंका

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

जयपुर में इलाज के दौरान अचानक बिगड़ी तबीयत, अस्पताल स्टाफ और चिकित्सा जगत में शोक की लहर

जयपुर/दौसा। दौसा जिला अस्पताल में कार्यरत 40 वर्षीय डॉक्टर हिमांशु शर्मा का शुक्रवार को जयपुर में निधन हो गया। प्रारंभिक चिकित्सकीय जांच में उनकी मौत का कारण हार्ट अटैक माना जा रहा है। युवा चिकित्सक के असामयिक निधन से दौसा जिला अस्पताल सहित चिकित्सा जगत में शोक की लहर है।

जानकारी के अनुसार, डॉ. हिमांशु शर्मा को दो दिन पहले सीने में हल्के दर्द और बेचैनी की शिकायत हुई थी। शुरुआती तौर पर इसे सामान्य गैस या एसिडिटी समझकर उन्होंने सामान्य दवा ले ली थी। हालांकि, एहतियात के तौर पर वे दौसा से छुट्टी लेकर जयपुर स्थित अपने घर आ गए थे।

शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे उन्हें दोबारा सीने में तेज दर्द महसूस हुआ। इसके बाद वे अपनी पत्नी डॉ. अर्पणा शर्मा के साथ मालवीय नगर स्थित राजस्थान हॉस्पिटल पहुंचे। डॉ. अर्पणा शर्मा जयपुर के जयपुरिया गवर्नमेंट हॉस्पिटल में चिकित्सक हैं।

अस्पताल में डॉक्टरों की टीम उनकी जांच कर रही थी, तभी अचानक उनकी तबीयत तेजी से बिगड़ गई। चिकित्सकों ने उन्हें बचाने का पूरा प्रयास किया, लेकिन कुछ ही मिनटों में उन्होंने दम तोड़ दिया।

दौसा जिला अस्पताल के पीएमओ डॉ. आरके मीणा ने बताया कि सुबह करीब 11 बजे जैसे ही डॉ. हिमांशु शर्मा के निधन की सूचना मिली, पूरा अस्पताल स्टाफ स्तब्ध रह गया। डॉ. हिमांशु वर्ष 2023 से दौसा जिला अस्पताल में सेवाएं दे रहे थे।

साथी चिकित्सकों और स्टाफ के अनुसार, डॉ. हिमांशु शर्मा बेहद हंसमुख, मिलनसार और कर्तव्यनिष्ठ डॉक्टर थे। अपने सरल व्यवहार और सेवा भाव के कारण वे मरीजों और अस्पताल स्टाफ के बीच काफी लोकप्रिय थे।

डॉ. हिमांशु शर्मा के निधन से उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनके परिवार में पत्नी और दो छोटी बेटियां हैं। अस्पताल स्टाफ, साथी चिकित्सकों और परिचितों ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।

    Previous
    Next

    Related Posts