



जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 4 जुलाई को प्रस्तावित जोधपुर यात्रा की तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने जोधपुर के नवीन एयरपोर्ट टर्मिनल का अवलोकन किया और लोकार्पण कार्यक्रम की व्यवस्थाओं की जानकारी लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने मीडिया से बातचीत में कहा कि शनिवार का दिन राजस्थान के लिए ऐतिहासिक होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जोधपुर में नवीन और अत्याधुनिक एयरपोर्ट टर्मिनल का लोकार्पण करेंगे। इसके साथ ही बालोतरा के पचपदरा में एचआरआरएल रिफाइनरी का भी लोकार्पण किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनवरी 2018 में इस महत्वाकांक्षी रिफाइनरी परियोजना के कार्य का शुभारंभ किया था। अब उनके ही करकमलों से इस परियोजना का राष्ट्र को समर्पण होना राजस्थान के लिए गौरव का विषय है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में राजस्थान को विकास की अनेक ऐतिहासिक सौगातें मिल रही हैं। इन परियोजनाओं का लाभ आने वाले वर्षों में प्रदेश की अर्थव्यवस्था, औद्योगिक विकास और रोजगार के अवसरों के रूप में दिखाई देगा।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि एचआरआरएल रिफाइनरी राजस्थान की औद्योगिक प्रगति का ग्रोथ इंजन साबित होगी। इससे प्रदेश में निवेश के नए अवसर सृजित होंगे, रोजगार को बढ़ावा मिलेगा और आर्थिक गतिविधियों का व्यापक विस्तार होगा। विशेष रूप से पश्चिमी राजस्थान के विकास को इस परियोजना से नई दिशा मिलेगी।
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जोधपुर में नवीन एयरपोर्ट टर्मिनल के लोकार्पण के साथ संशोधित उड़ान योजना का शुभारंभ भी करेंगे। इससे भारतीय विमानन क्षेत्र को बड़ा प्रोत्साहन मिलेगा और नागरिक विमानन के क्षेत्र में कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
संशोधित उड़ान योजना से ‘उड़े देश का आम नागरिक’ के विजन को और मजबूती मिलेगी। छोटे शहरों और आमजन को सस्ती, सुलभ और बेहतर हवाई सेवा उपलब्ध कराने की दिशा में यह योजना महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
इस अवसर पर केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल, सांसद पी.पी. चौधरी, विधायक अतुल भंसाली, राजस्थान जीव-जंतु कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष जसवंत सिंह बिश्नोई सहित जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।