Friday, 03 July 2026

नवगठित जिलों और संभाग मुख्यालयों की समीक्षा के लिए उच्चस्तरीय विशेषज्ञ समिति गठित


नवगठित जिलों और संभाग मुख्यालयों की समीक्षा के लिए उच्चस्तरीय विशेषज्ञ समिति गठित

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

डॉ. ललित के. पंवार होंगे समिति के अध्यक्ष, मंत्रिमंडलीय उपसमिति को देगी सहयोग

जयपुर। राज्य सरकार ने प्रदेश में नवगठित 17 जिलों और 3 संभाग मुख्यालयों के प्रशासनिक दृष्टिगत क्षेत्राधिकार, सुचारू संचालन, प्रशासनिक आवश्यकता और वित्तीय संसाधनों की उपलब्धता की समीक्षा के लिए उच्चस्तरीय विशेषज्ञ समिति का गठन किया है। समिति का अध्यक्ष डॉ. ललित के. पंवार को बनाया गया है।

डॉ. ललित के. पंवार ने अजमेर दौरे के दौरान बताया कि राज्य सरकार ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिए हैं। यह समिति नवगठित जिलों और संभाग मुख्यालयों के वर्तमान परिप्रेक्ष्य में प्रशासनिक और वित्तीय पहलुओं का परीक्षण करेगी।

समिति में अतिरिक्त मुख्य सचिव वित्त, अतिरिक्त मुख्य सचिव ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग तथा अतिरिक्त मुख्य सचिव गृह को सदस्य बनाया गया है। वहीं प्रमुख शासन सचिव राजस्व विभाग समिति के सदस्य सचिव होंगे।

यह उच्चस्तरीय विशेषज्ञ समिति राज्य सरकार द्वारा गठित मंत्रिमंडलीय उपसमिति को सहयोग प्रदान करेगी। मंत्रिमंडलीय उपसमिति के संयोजक उप मुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा हैं।

समिति द्वारा नवगठित जिलों और संभागों के संचालन से जुड़े विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की जाएगी। इसमें प्रशासनिक सुविधा, जनहित, क्षेत्राधिकार, संसाधनों की उपलब्धता, वित्तीय व्यवहार्यता और सुचारू शासन व्यवस्था जैसे बिंदुओं पर विचार किया जाएगा।

राज्य सरकार का यह कदम नवगठित प्रशासनिक इकाइयों के प्रभावी संचालन और भविष्य की प्रशासनिक व्यवस्था को व्यवस्थित करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। समिति की रिपोर्ट के आधार पर आगे सरकार स्तर पर आवश्यक निर्णय लिए जा सकेंगे।

Previous
Next

Related Posts