



जिला कलक्टर टीना डाबी की सतत मॉनिटरिंग से शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण समाधान में मिली बड़ी उपलब्धि
टोंक। राजस्थान संपर्क पोर्टल पर जनसमस्याओं के निस्तारण में टोंक जिले ने प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। जिला कलक्टर टीना डाबी की सतत मॉनिटरिंग, नियमित समीक्षा और अधिकारियों को दिए गए स्पष्ट निर्देशों के चलते जिले ने जून माह की रैंकिंग रिपोर्ट में यह उपलब्धि हासिल की है। इससे पहले अप्रैल और मई माह में भी टोंक जिला तीसरे स्थान पर रहा था।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की मंशा के अनुरूप प्रदेश में तकनीक को जनकल्याण का प्रभावी माध्यम बनाने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है। राजस्थान संपर्क पोर्टल अब जन-अभियोग निवारण का महत्वपूर्ण और प्रभावी माध्यम बन चुका है। इस प्लेटफॉर्म के माध्यम से हर माह बड़ी संख्या में शिकायतों का समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से निस्तारण किया जा रहा है।
जिला कलक्टर टीना डाबी ने राजस्थान संपर्क पोर्टल पर दर्ज शिकायतों, संतुष्टि प्रतिशत, औसत निस्तारण समय, विषयवार शिकायत श्रेणियों और विभिन्न अधिकारी स्तर पर लंबित प्रकरणों की गहन समीक्षा की। लंबित प्रकरणों के शीघ्र और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आमजन की समस्याओं का समाधान जनभावनाओं के अनुरूप संवेदनशीलता, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ किया जाए। उन्होंने कहा कि राजस्थान संपर्क पोर्टल जनता की समस्याओं के समाधान का प्रभावी माध्यम है और प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उसका गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
जून माह में टोंक जिले को विभिन्न विभागों से संबंधित 23 हजार 158 शिकायतें प्राप्त हुईं। विगत माह की 6 हजार 572 लंबित शिकायतों को मिलाकर कुल शिकायतों की संख्या 29 हजार 730 हो गई। इनमें से 22 हजार 930 शिकायतों का सफलतापूर्वक निस्तारण किया गया। इस प्रकार जिले में 77.13 प्रतिशत शिकायतों का औसतन 9 दिन में निस्तारण किया गया।
आमजन की शिकायतों के निस्तारण में संतुष्टि दर 78.85 प्रतिशत रही। संपर्क पोर्टल के माध्यम से त्वरित राहत पाने वाले विभिन्न आवेदकों से संवाद में भी सकारात्मक परिणाम सामने आए और आमजन ने समाधान प्रक्रिया पर संतोष व्यक्त किया।
जिला कलक्टर टीना डाबी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे आमजन की समस्याओं को केवल औपचारिक रूप से निस्तारित न करें, बल्कि वास्तविक समाधान पर ध्यान दें। उन्होंने कहा कि शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण ही प्रशासन के प्रति जनता के विश्वास को मजबूत करता है।
उल्लेखनीय है कि टीना डाबी ने टोंक जिला कलक्टर का पद संभालने के बाद से ही जनसुनवाई व्यवस्था को प्रभावी बनाने पर विशेष ध्यान दिया है। माह के गुरुवार को होने वाली जनसुनवाई के साथ-साथ प्रतिदिन आने वाले परिवादियों की समस्याओं की सुनवाई और उनके समाधान तक नियमित मॉनिटरिंग की गई। इसी सतत प्रयास का परिणाम है कि टोंक जिला राजस्थान संपर्क पोर्टल पर जनसमस्याओं के समाधान में प्रदेश में प्रथम स्थान पर पहुंचा है।