



जोधपुर एयरपोर्ट करीब 400 करोड़ रुपए की लागत से तैयार हुआ नया टर्मिनल, उड़ान-2 योजना का भी होगा शुभारंभ
जोधपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 4 जुलाई को जोधपुर पहुंचकर शहर के बहुप्रतीक्षित नए एयरपोर्ट टर्मिनल का लोकार्पण करेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रधानमंत्री सुबह विशेष विमान से एयरफोर्स स्टेशन पहुंचेंगे और वहां से नए टर्मिनल भवन तक जाएंगे। एयरपोर्ट परिसर में आयोजित कार्यक्रम में वे एलईडी स्क्रीन के माध्यम से रिमोट से बटन दबाकर नए एयरपोर्ट टर्मिनल का लोकार्पण करेंगे। इसी दौरान क्षेत्रीय हवाई संपर्क योजना ‘उड़ान-2’ का भी शुभारंभ किया जाएगा।
लोकार्पण समारोह के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हेलिकॉप्टर से बालोतरा जिले के पचपदरा स्थित एचपीसीएल राजस्थान रिफाइनरी के कार्यक्रम के लिए रवाना होंगे। प्रधानमंत्री की यात्रा को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड पर हैं। गुरुवार को सुरक्षा एजेंसियों ने एयरपोर्ट परिसर और आसपास के क्षेत्र को अपने नियंत्रण में लेकर सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच की।
विशेष दस्तों ने डॉग स्क्वायड की सहायता से एयरपोर्ट परिसर, नए टर्मिनल भवन और आसपास के क्षेत्रों में सघन जांच की। प्रधानमंत्री विशेष विमान से एयरफोर्स स्टेशन पहुंचेंगे। इसके बाद वे एयरफोर्स एरिया के अंदर से ही सड़क मार्ग द्वारा नए टर्मिनल भवन के डिपार्चर गेट तक आएंगे। लाउंज एरिया में लोकार्पण समारोह आयोजित होगा।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री भाजपा नेताओं और जनप्रतिनिधियों से संक्षिप्त मुलाकात भी कर सकते हैं। पूरा कार्यक्रम करीब 22 मिनट का बताया जा रहा है। इसके बाद प्रधानमंत्री नए टर्मिनल के अराइवल गेट से बाहर निकलकर हेलिकॉप्टर से पचपदरा के लिए प्रस्थान करेंगे।
जोधपुर एयरपोर्ट का नया टर्मिनल भवन करीब तीन वर्ष में तैयार हुआ है। इसके निर्माण पर लगभग 400 करोड़ रुपए की लागत आई है। यह भवन पुराने टर्मिनल की तुलना में लगभग छह गुना बड़ा है और इसमें यात्रियों के लिए आधुनिक सुविधाएं विकसित की गई हैं।
नए टर्मिनल की सबसे बड़ी विशेषता छह एयरोब्रिज हैं। पश्चिमी राजस्थान के किसी भी एयरपोर्ट पर पहली बार इस प्रकार की सुविधा विकसित की गई है। इसके अलावा आधुनिक चेक-इन काउंटर, उन्नत सुरक्षा जांच व्यवस्था, स्वचालित बैगेज सिस्टम, विस्तृत प्रतीक्षालय और यात्रियों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
नए टर्मिनल के एप्रन पर एक साथ 12 से अधिक विमानों की पार्किंग की व्यवस्था होगी। वर्तमान टर्मिनल पर केवल तीन से चार विमानों को ही खड़ा किया जा सकता है। ऐसे में नए टर्मिनल से भविष्य में उड़ानों की संख्या बढ़ाने और पश्चिमी राजस्थान की हवाई कनेक्टिविटी मजबूत करने में मदद मिलेगी।
लोकार्पण के बाद तकनीकी प्रक्रियाएं पूरी होने पर एयरलाइंस और एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के कार्यालयों को चरणबद्ध तरीके से नए टर्मिनल में स्थानांतरित किया जाएगा। इसके बाद वाणिज्यिक उड़ानों का संचालन भी नए टर्मिनल से शुरू किया जाएगा। माना जा रहा है कि नया टर्मिनल एक महीने के भीतर ऑपरेशनल हो सकता है।
प्रधानमंत्री के दौरे से पहले मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भी दो दिवसीय यात्रा पर शुक्रवार कोजोधपुर पहुंचेंगे
प्रधानमंत्री के दौरे से पहले मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भी दो दिवसीय यात्रा पर जोधपुर पहुंचेंगे। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री शुक्रवार दोपहर 12.45 बजे जोधपुर हवाई अड्डे पहुंचेंगे। वे नए एयरपोर्ट पर प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण करेंगे और इसके बाद हेलिकॉप्टर से पचपदरा जाएंगे।
पचपदरा में मुख्यमंत्री एचपीसीएल के नए फ्लैगशिप रिटेल आउटलेट का उद्घाटन करेंगे और पौधरोपण कार्यक्रम में भाग लेंगे। इसके बाद वे रिफाइनरी का निरीक्षण कर बैठक लेंगे। शाम को वे जोधपुर लौटेंगे और रात्रि विश्राम सर्किट हाउस में करेंगे।
चार जुलाई को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा जोधपुर एयरपोर्ट पहुंचकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्य आतिथ्य में नए टर्मिनल के उद्घाटन समारोह में शामिल होंगे। इसके बाद वे हेलिकॉप्टर से पचपदरा जाएंगे और वहां से लौटकर जोधपुर से जयपुर के लिए रवाना होंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे को देखते हुए जोधपुर और पचपदरा दोनों स्थानों पर प्रशासनिक तैयारियां तेज कर दी गई हैं। सुरक्षा, यातायात, कार्यक्रम स्थल, जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति और तकनीकी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।