



पट्टा संबंधी मामले में 2 लाख रुपए की रिश्वत मांगने का आरोप, हवामहल-आमेर जोन की पट्टा/लीज ब्रांच में तैनात है आरोपी
जयपुर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने गुरुवार दोपहर जयपुर नगर निगम में कार्रवाई करते हुए 50 हजार रुपए की रिश्वत लेते एक जमादार को गिरफ्तार किया है। एसीबी टीम ने यह कार्रवाई नगर निगम के हवामहल-आमेर जोन में की। आरोपी पर पट्टा संबंधी मामले में काम करवाने के एवज में 2 लाख रुपए की रिश्वत मांगने का आरोप है।
डीजी एसीबी गोविन्द गुप्ता ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी रामसिंह यादव पुत्र मूलचन्द यादव निवासी श्रीमाधोपुर, सीकर है। आरोपी रामसिंह यादव जयपुर नगर निगम के हवामहल-आमेर जोन की पट्टा/लीज ब्रांच में जमादार के पद पर कार्यरत है। फिलहाल एसीबी की टीम आरोपी से पूछताछ कर रही है।
एसीबी के अनुसार परिवादी ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि उसके पिता के नाम से संबंधित पट्टा प्रकरण नगर निगम के हवामहल-आमेर जोन में लंबित है। परिवादी लंबे समय से पट्टा संबंधी कार्य करवाने के लिए नगर निगम के चक्कर लगा रहा था। आरोप है कि इस कार्य को आगे बढ़ाने के एवज में जमादार रामसिंह यादव द्वारा 2 लाख रुपए की रिश्वत की मांग की जा रही थी।
शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने पहले रिश्वत मांगने की शिकायत का सत्यापन करवाया। सत्यापन में रिश्वत की मांग की पुष्टि होने के बाद एसीबी ने ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई। गुरुवार दोपहर परिवादी को रिश्वत की पहली किश्त के रूप में 50 हजार रुपए लेकर आरोपी के पास भेजा गया।
जैसे ही आरोपी जमादार रामसिंह यादव ने परिवादी से 50 हजार रुपए की रिश्वत राशि ली, एसीबी टीम ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया। कार्रवाई के बाद एसीबी ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और रिश्वत राशि बरामद कर ली।
एसीबी टीम अब आरोपी से पूछताछ कर रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि पट्टा संबंधी लंबित मामलों में आरोपी की भूमिका क्या रही और क्या इस मामले में किसी अन्य अधिकारी या कर्मचारी की संलिप्तता भी है। एसीबी की ओर से मामले में आगे की जांच जारी है।