Wednesday, 01 July 2026

राजस्थान में 48 घंटे में मानसून की एंट्री संभव, कोटा-उदयपुर संभाग में भारी बारिश के आसार


राजस्थान में 48 घंटे में मानसून की एंट्री संभव, कोटा-उदयपुर संभाग में भारी बारिश के आसार

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

जयपुर। राजस्थान में इस साल मानसून करीब 8 दिन की देरी से अगले 48 घंटे में दस्तक दे सकता है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, पिछले 13 वर्षों में यह तीसरा मौका होगा, जब मानसून जुलाई महीने में राजस्थान में प्रवेश करेगा। मानसून की एंट्री के साथ ही कोटा और उदयपुर संभाग के कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग के अनुसार, 6 जुलाई तक राज्य के अधिकांश जिलों में बारिश का दौर शुरू होने की उम्मीद है। हालांकि इस बार जुलाई महीने में प्रदेश में सामान्य से कम बारिश होने की आशंका भी जताई जा रही है। मानसून पहुंचने से पहले भी प्रदेश के कई जिलों में आंधी-बारिश का दौर जारी रहेगा।

24 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट

मानसून की दस्तक से पहले मंगलवार को भी प्रदेश के 24 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। अगले तीन दिन तक कई इलाकों में अंधड़ चलने की चेतावनी दी गई है।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार, राजस्थान के पूर्वी हिस्सों में 2 या 3 जुलाई को मानसून प्रवेश कर सकता है। इसके प्रभाव से उदयपुर, कोटा, भरतपुर और जयपुर संभाग के कुछ भागों में 2 जुलाई से ही आंधी और बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी।

बीकानेर संभाग में तेज अंधड़ की चेतावनी

बीकानेर संभाग के श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ और बीकानेर जिलों में 2 से 4 जुलाई के बीच तेज अंधड़ की चेतावनी जारी की गई है। इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे या उससे अधिक की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। कई जगह धूल का बवंडर भी उठ सकता है।

इन क्षेत्रों के साथ-साथ जोधपुर, फलोदी और जालोर के कुछ इलाकों में भी हल्की बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है।

धूप और उमस से परेशान रहे लोग

पिछले 24 घंटे में कोटा, उदयपुर और भरतपुर संभाग के कुछ हिस्सों को छोड़कर प्रदेश के अधिकांश इलाकों में मौसम शुष्क रहा। बीकानेर, जोधपुर, जयपुर और अजमेर संभाग के जिलों में दिनभर तेज धूप और उमस ने लोगों को परेशान किया।

हालांकि कुछ स्थानों पर हवाएं चलने से तापमान में थोड़ी गिरावट दर्ज की गई। प्रदेश में सबसे अधिक तापमान श्रीगंगानगर में 43.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। चूरू में 41.9, बीकानेर में 41.6, फलोदी में 41.8, पिलानी में 41.2, करौली में 40.8, हनुमानगढ़ में 40.5, जैसलमेर में 40.4, बाड़मेर में 40.9, फतेहपुर में 40 और कोटा में 39.9 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ।

कोटा संभाग में हुई बारिश

मंगलवार को कोटा, उदयपुर और भरतपुर संभाग के कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश दर्ज की गई। कोटा के मंडाना में 30 एमएम यानी करीब एक इंच बारिश हुई। वहीं पीपल्दा में 9 एमएम, झालावाड़ के बाकनी में 13 एमएम, धौलपुर के बसेड़ी में 12 एमएम और बारां के किशनगंज में 14 एमएम बारिश दर्ज की गई।

बारिश के बाद कुछ इलाकों में लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली, लेकिन अधिकांश प्रदेश में अभी भी मानसून का इंतजार बना हुआ है।

6 जुलाई तक बारिश का दायरा बढ़ने की उम्मीद

मौसम विभाग के अनुसार, मानसून के प्रवेश के बाद बारिश की गतिविधियां धीरे-धीरे पूरे प्रदेश में फैलेंगी। 6 जुलाई तक अधिकांश जिलों में बारिश का दौर शुरू होने की संभावना है। पूर्वी राजस्थान में पहले बारिश बढ़ेगी, इसके बाद पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में भी मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा।

मानसून की देरी से किसानों की चिंता बढ़ी हुई है, लेकिन अगले कुछ दिनों में बारिश शुरू होने से खरीफ फसलों की बुवाई को गति मिल सकती है।

Previous
Next

Related Posts