Wednesday, 01 July 2026

करौली में महिला पटवारी ने किराए के कमरे में की आत्महत्या, ड्यूटी से लौटने के बाद उठाया कदम


करौली में महिला पटवारी ने किराए के कमरे में की आत्महत्या, ड्यूटी से लौटने के बाद उठाया कदम

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

करौली। जिले के टोडाभीम कस्बे में मंगलवार को एक महिला पटवारी ने अपने किराए के कमरे में आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान भानकपुरा हल्के में कार्यरत महिला पटवारी उगन्ती प्रजापत के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे।

जानकारी के अनुसार, उगन्ती प्रजापत तीन-चार दिन के अवकाश के बाद मंगलवार को ही अपने घर से ड्यूटी पर लौटी थीं। ड्यूटी पूरी करने के बाद वह जोशी पाड़ा क्षेत्र स्थित अपने किराए के मकान पर पहुंचीं। इसके बाद कमरे में उन्होंने आत्महत्या कर ली। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है।

अंदर से बंद था कमरे का दरवाजा

घटना की सूचना मिलने पर एसडीओ अमन चौधरी, तहसीलदार दिनेश मीना और पुलिस जाप्ता मौके पर पहुंचा। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। पुलिस ने गेट तोड़कर कमरे में प्रवेश किया और शव को बाहर निकालकर अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया।

पुलिस ने घटना की जानकारी मृतका के परिजनों को दे दी है। सूचना मिलने के बाद परिजन अलवर से टोडाभीम के लिए रवाना हो गए। परिजनों के पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

सहकर्मी महिला पटवारी के साथ रहती थीं

जानकारी के अनुसार, मृतका उगन्ती प्रजापत एक सहकर्मी महिला पटवारी के साथ किराए के कमरे में रहती थीं। घटना के समय सहकर्मी महिला पटवारी अवकाश पर थी, जिसके कारण उगन्ती कमरे में अकेली थीं।

पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आत्महत्या के पीछे क्या कारण रहे। कमरे से मिले सामान, मोबाइल और अन्य संभावित साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जाएगी।

एक साल पहले हुआ था विवाह

उगन्ती प्रजापत की वर्ष 2022 में पटवारी पद पर नियुक्ति हुई थी। करीब एक वर्ष पूर्व 6 अप्रैल 2025 को उनका विवाह अलवर निवासी पुष्पेंद्र के साथ हुआ था। विवाह के बाद भी वह टोडाभीम क्षेत्र में ही अपनी नौकरी कर रही थीं।

घटना के बाद प्रशासनिक अमले और राजस्व विभाग के कर्मचारियों में भी शोक का माहौल है। सहकर्मियों ने घटना पर दुख जताया है।

पुलिस विभिन्न पहलुओं से कर रही जांच

पुलिस के अनुसार, आत्महत्या के कारणों को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है। मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है। परिजनों के बयान, सहकर्मियों से पूछताछ और अन्य परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल शव को मोर्चरी में रखवाया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

    Previous
    Next

    Related Posts