



जयपुर। राजस्थान पुलिस मुख्यालय ने मंगलवार देर रात बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 100 पुलिस निरीक्षकों के तबादला आदेश जारी किए हैं। ये स्थानांतरण संबंधित अधिकारियों की स्वयं की प्रार्थना यानी सेल्फ रिक्वेस्ट के आधार पर तत्काल प्रभाव से किए गए हैं।
अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस कार्मिक बीजू जॉर्ज जोसफ की ओर से जारी आदेश के अनुसार, निरीक्षकों को पुलिस आयुक्तालय जयपुर, पुलिस आयुक्तालय जोधपुर, विभिन्न रेंज, सीआईडी-सीबी, एटीएस-एसओजी, एसीबी, जीआरपी, प्रशिक्षण संस्थानों और पुलिस मुख्यालय की अलग-अलग शाखाओं में नई जिम्मेदारियां दी गई हैं।
तबादला सूची में सबसे अधिक अधिकारियों की पोस्टिंग अजमेर रेंज, भरतपुर रेंज, जयपुर रेंज, जोधपुर रेंज, उदयपुर रेंज, कोटा रेंज, आयुक्तालय जयपुर, आयुक्तालय जोधपुर और सीआईडी-सीबी में की गई है।
पुलिस मुख्यालय के आदेश के बाद संबंधित निरीक्षकों को नई पदस्थापना पर कार्यभार ग्रहण करना होगा। सभी नियंत्रण अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि स्थानांतरित निरीक्षकों को तत्काल कार्यमुक्त कर नई पोस्टिंग पर जॉइनिंग सुनिश्चित कराई जाए।
आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि जिन अधिकारियों के विरुद्ध भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो यानी एसीबी के प्रकरण विचाराधीन हैं या राजस्थान सिविल सेवा वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील नियम-16 के तहत कार्रवाई विचाराधीन या प्रस्तावित है, उन्हें फील्ड पोस्टिंग नहीं दी जाएगी।
संबंधित नियंत्रण अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि ऐसे मामलों की सूचना पुलिस मुख्यालय को भेजी जाए, ताकि आदेश की पालना सुनिश्चित की जा सके।
तबादला आदेश में यह भी उल्लेख किया गया है कि 19 जून को जारी आदेश के तहत सतपाल सिंह का अजमेर रेंज से जयपुर पुलिस आयुक्तालय किया गया स्थानांतरण निरस्त कर दिया गया है।
पुलिस मुख्यालय की ओर से जारी इस आदेश को प्रशासनिक व्यवस्था और अधिकारियों की स्वयं की प्रार्थना के आधार पर किया गया फेरबदल माना जा रहा है। आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा।
राजस्थान पुलिस में इस बड़े स्तर के तबादलों को कानून-व्यवस्था, प्रशासनिक आवश्यकताओं और विभिन्न इकाइयों में अधिकारियों की उपलब्धता से जोड़कर देखा जा रहा है। निरीक्षकों की नई पदस्थापना से फील्ड और विशेष शाखाओं के कामकाज को गति मिलने की उम्मीद है।
पुलिस मुख्यालय ने स्पष्ट किया है कि सभी संबंधित अधिकारी और नियंत्रण अधिकारी आदेश की तत्काल पालना सुनिश्चित करें।


