



जयपुर। यमुना जल समझौते के बाद मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा आज जयपुर लौटे। जयपुर एयरपोर्ट पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं और पार्टी पदाधिकारियों ने उनका भव्य स्वागत किया। मुख्यमंत्री एयरपोर्ट से ई-बस में सवार होकर रोड शो के लिए रवाना हुए। रोड शो के दौरान वे भाजपा मुख्यालय और मुख्यमंत्री निवास तक पहुंचेंगे।
मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए जयपुर एयरपोर्ट, गांधी सर्किल, रामबाग सर्किल, भाजपा कार्यालय और सीएमआर सहित कई स्थानों पर स्वागत मंच बनाए गए। रास्ते में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया।
जयपुर एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि आज का दिन राजस्थान के लिए ऐतिहासिक है। उन्होंने कहा कि जब प्रदेश में भाजपा सरकार बनी, तब सबसे पहले राजस्थान के विकास का रोडमैप तैयार किया गया। इसमें सबसे बड़ी आवश्यकता पानी की सामने आई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान को पानी मिलेगा तो प्रदेश आगे बढ़ेगा। किसानों को पानी चाहिए, उद्योगों को पानी चाहिए और आमजन को पीने के लिए शुद्ध पानी चाहिए। उन्होंने कहा कि राज्य की कई बड़ी जल परियोजनाएं 40 से 50 वर्षों से लंबित थीं, जिन पर सरकार ने पिछले ढाई वर्षों में तेजी से काम किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ईआरसीपी, यमुना जल समझौता और देवास परियोजना सहित कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं को आगे बढ़ाने का काम किया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार ने केवल घोषणाएं नहीं कीं, बल्कि वर्षों से लंबित मुद्दों को समाधान की दिशा में आगे बढ़ाया।
सीएम ने कहा कि यमुना जल समझौता शेखावाटी सहित राजस्थान के जल संकटग्रस्त क्षेत्रों के लिए ऐतिहासिक निर्णय है। इससे सीकर, चूरू और झुंझुनूं जैसे जिलों में पेयजल संकट को कम करने में मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस ने शेखावाटी के लोगों के साथ अन्याय किया है। उन्होंने कहा कि जब वोट का समय आता था, तब कांग्रेस के नेता शिलान्यास करते थे और यमुना के पानी के सपने दिखाते थे, लेकिन इस दिशा में कभी ठोस काम नहीं किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के लोगों के बयान कुछ दिन पहले अलग थे और अब समझौता होने के बाद उनके सुर बदल गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने यमुना जल को लेकर आज तक कोई गंभीर प्रयास नहीं किया।
जयपुर रवाना होने से पहले मुख्यमंत्री ने दिल्ली में मीडिया से बातचीत करते हुए भी कांग्रेस पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा परियोजनाओं को रोकने और अटकाने का काम किया है। कांग्रेस ने जनता को केवल वोटों के लिए लुभाने का काम किया।
सीएम ने कहा कि कांग्रेस अपने शासनकाल की कोई ऐसी बड़ी परियोजना बताए, जिसे उसने शुरू कर धरातल पर उतारा हो। उन्होंने कहा कि लंबे समय तक राजस्थान, हरियाणा और केंद्र में कांग्रेस की सरकार रही, लेकिन कांग्रेस ने राजस्थान और शेखावाटी के लोगों के दर्द को कभी महसूस नहीं किया।
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस के उस बयान पर भी पलटवार किया, जिसमें राजस्थान को कम पानी मिलने की बात कही गई थी। उन्होंने कहा कि वर्ष 1994 में हुए समझौते के अनुसार ही राजस्थान, हरियाणा और दिल्ली को उनके हिस्से का पानी मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह समझौता राजस्थान के जल अधिकारों को मजबूत करने वाला है। इससे प्रदेश के लोगों को राहत मिलेगी और आने वाली पीढ़ियों के लिए जल सुरक्षा का मजबूत आधार तैयार होगा।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताते हुए कहा कि उन्होंने राजस्थान की पानी की पीड़ा को समझा। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी जब गुजरात के मुख्यमंत्री थे, तब भी उन्होंने नर्मदा का पानी टेल तक पहुंचाने का काम किया था।
सीएम ने कहा कि उस समय राजस्थान की ओर से पानी की कोई मांग नहीं थी, लेकिन नरेंद्र मोदी ने देखा कि नर्मदा का पानी बॉर्डर तक जा रहा है, तो उन्होंने बाड़मेर और जालौर को बिना मांगे नर्मदा का पानी देने का काम किया। इसके बाद पूर्व मुख्यमंत्री भैरों सिंह शेखावत उन्हें धन्यवाद देने अहमदाबाद गए थे।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की तुलना भागीरथ से करते हुए कहा कि पहले भागीरथ गंगा को धरती पर लाए थे और आज दूसरे भागीरथ भजनलाल शर्मा साबित हुए हैं, जो यमुना जी को राजस्थान की धरती पर लेकर आए हैं।
राठौड़ ने कहा कि आज केवल शेखावाटी ही नहीं, बल्कि पूरा राजस्थान मुख्यमंत्री पर गर्व कर रहा है। उन्होंने कहा कि वर्ष 1992 से राजस्थान यमुना जल का इंतजार कर रहा था। 1994 में भैरों सिंह शेखावत ने भी इसके लिए बहुत प्रयास किए थे और समझौते को लागू कराने के लिए राशि तक जमा कराई थी, लेकिन हरियाणा से राजस्थान पानी लाने में लंबी देरी हुई।
जयपुर एयरपोर्ट के बाहर बनाए गए स्वागत मंच पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को चांदी का कलश भेंट किया। मुख्यमंत्री ने कलश को सिर पर रखकर स्वीकार किया। जवाहर सर्किल पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने मटके के साथ मुख्यमंत्री का स्वागत किया।
रोड शो के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला। यमुना जल समझौते को भाजपा सरकार की बड़ी उपलब्धि के रूप में प्रस्तुत किया जा रहा है।
