



अजमेर। अजमेर की अलवर गेट थाना पुलिस ने महिलाओं को अंधविश्वास और नकारात्मक ऊर्जा का डर दिखाकर सोने के गहने ठगने वाले एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी घरों में दोष और निगेटिविटी होने की बात कहकर महिलाओं को डराता था और फिर गहनों को शुद्ध करने के नाम पर अपने जाल में फंसाकर जेवर लेकर फरार हो जाता था।
पुलिस ने आरोपी को पंजाब के जालंधर से गिरफ्तार किया है। अब पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है, ताकि अन्य वारदातों और ठगे गए जेवरात के बारे में जानकारी जुटाई जा सके।
अलवर गेट थाने के एएसआई राजपाल सिंह ने बताया कि धोलाभाटा क्षेत्र निवासी मंजू ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि एक अज्ञात व्यक्ति उनके घर आया और धार्मिक बातें करते हुए उन्हें विश्वास में ले लिया।
आरोपी ने महिला को बताया कि उनके घर में नकारात्मक ऊर्जा और दोष है। उसने डर दिखाते हुए कहा कि घर की शांति और परिवार की भलाई के लिए गहनों को शुद्ध करना जरूरी है। महिला उसके झांसे में आ गई।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने गहनों को शुद्ध करने का झांसा दिया और महिला से सोने का मंगलसूत्र व कान की झुमकियां ले लीं। इसके बाद उसने हाथ की सफाई से गहने ठग लिए और मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद पीड़िता को ठगी का एहसास हुआ, जिसके बाद उसने अलवर गेट थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को आरोपी के पंजाब के जालंधर में होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को जालंधर से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को अजमेर लाकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस यह पता लगा रही है कि आरोपी ने अजमेर सहित अन्य शहरों में कितनी महिलाओं को इसी तरह अंधविश्वास के नाम पर ठगा है। साथ ही ठगे गए जेवरात की बरामदगी के प्रयास भी किए जा रहे हैं।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी अज्ञात व्यक्ति की धार्मिक बातों, घर में दोष, नकारात्मक ऊर्जा या गहने शुद्ध करने जैसे दावों पर विश्वास न करें। ऐसे लोग भावनाओं और अंधविश्वास का फायदा उठाकर ठगी की वारदातों को अंजाम देते हैं।
पुलिस ने कहा कि यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति इस तरह की बात कहकर घर में प्रवेश करने या गहने मांगने की कोशिश करे तो तुरंत पुलिस को सूचना दें।