Monday, 29 June 2026

खंडेलवाल समाज के परिचय सम्मेलन में 300 प्रत्याशियों ने दिया परिचय, 70 से 75 संबंधों पर चर्चा अंतिम दौर में


खंडेलवाल समाज के परिचय सम्मेलन में 300 प्रत्याशियों ने दिया परिचय, 70 से 75 संबंधों पर चर्चा अंतिम दौर में

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

इंदौर। अखिल भारतीय खंडेलवाल वैश्य महासभा के तत्वावधान में आयोजित अखिल भारतीय खंडेलवाल युवक-युवती परिचय सम्मेलन के दूसरे दिन भी समाजजन में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। रविवार को करीब 125 और प्रत्याशियों ने अपना परिचय दिया। इसके साथ ही सम्मेलन में कुल 300 प्रत्याशियों का परिचय संपन्न हुआ। इनमें से लगभग 70 से 75 संबंधों पर सार्थक चर्चा अंतिम दौर में बताई जा रही है।

संस्था के दिनेश कूलवाल, कैलाश चन्द्र खंडेलवाल, सुनील माली, संगीता खंडेलवाल और शुभांगी भूखमारिया ने बताया कि रविवार होने के कारण आयोजन स्थल पर बड़ी संख्या में समाजजन पहुंचे। सम्मेलन स्थल पर उत्साहपूर्ण माहौल रहा और युवक-युवती प्रत्याशियों के परिचय सत्र को सभी ने सराहा।

दीप प्रज्वलन से हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि महासभा अध्यक्ष रमेश चन्द्र गुप्ता ‘तुंगा वाला’ और विशिष्ट अतिथि महासभा के मुख्य कार्यकारी अध्यक्ष संजीव कट्टा ने संत श्री सुंदरदास जी, संत श्री बलरामदास जी, श्री कल्याण जी महाराज और माता सरस्वती के चित्रों पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया।

इस अवसर पर समाज के पदाधिकारियों और अतिथियों का स्वागत दिनेश कूलवाल, रमेश गुप्ता, कैलाश खंडेलवाल, मनोज खंडेलवाल, संगीता कूलवाल, शुभांगी भूखमारिया, सुनीता राजोरिया और उषा कूलवाल सहित अन्य सदस्यों ने किया।

मनीष शाहरा बने महासभा के आजीवन मुख्य संरक्षक

अखिल भारतवर्षीय खंडेलवाल वैश्य महासभा के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं मीडिया प्रभारी प्रो. रमेश कुमार रावत ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान महासभा अध्यक्ष रमेश चन्द्र गुप्ता ने मनीष शाहरा को महासभा का आजीवन मुख्य संरक्षक मनोनीत करने की घोषणा की। इस घोषणा का पूरे सदन ने करतल ध्वनि से स्वागत किया।

कार्यक्रम में खंडेलवाल सेवक के मुख्य संपादक हुकमीचंद पितलिया अमरावती, खंडेलवाल वैश्य पत्रिका के संपादक अशोक खंडेलवाल उज्जैन, हरीश विजयवर्गीय, रमेश टोडवाल, राखी विजयवर्गीय, नरेंद्र टोडवाल, खंडेलवाल परिषद के अध्यक्ष लक्ष्मण कानूनगों, धर्मेंद्र बड़गोती और अतुल भूखमारिया सहित समाज की अनेक हस्तियों का स्वागत किया गया।

विशेष परिचय सत्र को मिली सराहना

सम्मेलन के दूसरे दिन युवक-युवती प्रत्याशियों के लिए अलग से विशेष परिचय सत्र आयोजित किया गया। इस सत्र को समाजजनों ने अत्यंत उपयोगी और परिणाममूलक बताया। आयोजकों के अनुसार, सम्मेलन में कई परिवारों के बीच सकारात्मक संवाद हुआ और बड़ी संख्या में संबंधों पर चर्चा अंतिम चरण में है।

कार्यक्रम में सहयोगियों और समिति सदस्यों का स्मृति चिन्ह भेंट कर आत्मीय सम्मान किया गया। आयोजन समिति ने कहा कि समाज में योग्य रिश्तों को सरल, पारदर्शी और सम्मानजनक मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह परिचय सम्मेलन आयोजित किया गया।

प्रभावी संचालन और आभार

कार्यक्रम का प्रभावी संचालन सीए सुनील खंडेलवाल, प्रियंका खंडेलवाल, अनिल लोहिया जयपुर, अजय प्रकाश सौंखिया मुंबई और शीतल गुप्ता ने किया। कार्यक्रम के अंत में सुनील माली ने सभी अतिथियों, समाजजनों, प्रत्याशियों, अभिभावकों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। सम्मेलन की जानकारी कैलाश चन्द्र खंडेलवाल ने दी।

    Previous
    Next

    Related Posts