Sunday, 28 June 2026

पीएम मोदी के प्रस्तावित दौरे से पहले मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने किया पचपदरा रिफाइनरी का निरीक्षण, अधिकारियों को दिए निर्देश


पीएम मोदी के प्रस्तावित दौरे से पहले मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने किया पचपदरा रिफाइनरी का निरीक्षण, अधिकारियों को दिए निर्देश

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail


बालोतरा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 4 जुलाई को प्रस्तावित राजस्थान दौरे को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्माऔर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सांसद मदन राठौड़ तथा संगठन महामंत्री अजय कुमार ने रविवार को बालोतरा स्थित पचपदरा रिफाइनरी का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने रिफाइनरी परिसर और कार्यक्रम स्थल का अवलोकन किया तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बालोतरा में देश के पहले ग्रीनफील्ड एकीकृत रिफाइनरी-सह-पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स का शुभारंभ करेंगे। उन्होंने कहा कि यह रिफाइनरी देश और प्रदेश को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। साथ ही राजस्थान के औद्योगिक विकास को भी नई दिशा मिलेगी।

क्रूड डिस्टिलेशन यूनिट और कंट्रोल रूम का किया निरीक्षण

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रिफाइनरी की क्रूड डिस्टिलेशन यूनिट और रिफाइनरी मेन कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने उन्हें रिफाइनरी की कार्यप्रणाली, तकनीकी व्यवस्थाओं और संचालन से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी।

इस दौरान अधिकारियों ने रिफाइनरी से तैयार होने वाले विभिन्न सह-उत्पादों के सैंपल भी मुख्यमंत्री को दिखाए। मुख्यमंत्री ने उत्पादन प्रक्रिया, तकनीकी संचालन और सुरक्षा व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय और मानकों के अनुसार पूरी की जाएं।



मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने आयोजन स्थल पर प्रधानमंत्री की प्रस्तावित यात्रा की तैयारियों को लेकर अधिकारियों की बैठक ली
मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने आयोजन स्थल पर प्रधानमंत्री की प्रस्तावित यात्रा की तैयारियों को लेकर अधिकारियों की बैठक ली

कार्यक्रम स्थल पर तैयारियों की समीक्षा

रिफाइनरी निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने आयोजन स्थल पर प्रधानमंत्री की प्रस्तावित यात्रा की तैयारियों को लेकर अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में कार्यक्रम स्थल के ले-आउट, सुरक्षा व्यवस्था, जनसभा स्थल, यातायात व्यवस्था, पार्किंग, पेयजल, चिकित्सा सुविधा और बैठने की व्यवस्था पर विस्तार से समीक्षा की गई।

मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गर्मी को देखते हुए जनसभा में आने वाले आमजन के लिए पेयजल, बैठने और चिकित्सा सुविधाओं की पर्याप्त व्यवस्था की जाए। उन्होंने कहा कि यातायात पुलिस और परिवहन विभाग आपसी समन्वय से पार्किंग की मजबूत व्यवस्था सुनिश्चित करें, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

राजस्थान के औद्योगिक विकास को मिलेगी नई गति

मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राजस्थान विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। पचपदरा रिफाइनरी राज्य के औद्योगिक भविष्य के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण परियोजना है। इसके शुरू होने से पेट्रोकेमिकल उद्योग, सहायक उद्योग, निवेश और रोजगार के नए अवसर विकसित होंगे।

मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा  ने कहा कि रिफाइनरी से पश्चिमी राजस्थान के आर्थिक विकास को बड़ा बल मिलेगा। यह परियोजना न केवल ऊर्जा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता को मजबूत करेगी, बल्कि स्थानीय युवाओं, उद्यमियों और औद्योगिक इकाइयों के लिए भी नई संभावनाएं खोलेगी।


मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा शक्तिपीठ मां सांभरा आशापुरा मंदिर पहुंचे विधिवत पूजा-अर्चना की
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा शक्तिपीठ मां सांभरा आशापुरा मंदिर पहुंचे विधिवत पूजा-अर्चना की

सांभरा आशापुरा मंदिर में किए दर्शन

बैठक के बाद मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा शक्तिपीठ मां सांभरा आशापुरा मंदिर पहुंचे। उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना की और अखंड ज्योत के दर्शन कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली और कल्याण की कामना की। मंदिर परिसर में मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं का अभिवादन भी स्वीकार किया।

निरीक्षण और बैठक के दौरान के प्रदेश अध्यक्षसांसद मदन राठौड़,पशुपालन मंत्री जोराराम कुमावत, उद्योग एवं वाणिज्य राज्य मंत्री के.के. विश्नोई, , विधायक हमीर सिंह भायल, डॉ. अरुण चौधरी, आदूराम मेघवाल सहित जनप्रतिनिधि, एचपीसीएल, एचआरआरएल, जिला प्रशासन और संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Previous
Next

Related Posts