



जयपुर। जयपुर के रामनगरिया थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात ओवर स्पीड कार की टक्कर से एक सिक्योरिटी गार्ड की मौत हो गई। हादसे के समय सिक्योरिटी गार्ड सर्विस लाइन में सड़क किनारे खड़े ठेले पर लेटकर आराम कर रहा था। टक्कर इतनी तेज थी कि वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने कार चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
रामनगरिया थाना पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मॉर्च्युरी में भिजवाया है। पुलिस ने कार को जब्त कर चालक को डिटेन कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
रामनगरिया थाना प्रभारी चन्द्रभान ने बताया कि हादसे में जगतपुरा के महल रोड निवासी राधेश्याम की मौत हुई है। उनकी उम्र करीब 58 वर्ष थी। राधेश्याम महल रोड स्थित खाटूश्याम मंदिर में सिक्योरिटी गार्ड का काम करते थे।
शनिवार रात करीब 1:30 बजे राधेश्याम मंदिर के सामने सर्विस लाइन में सड़क किनारे खड़े एक ठेले पर लेटकर आराम कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कार सर्विस लाइन में आई और ठेले को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में राधेश्याम गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोग तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और कार चालक को पकड़ लिया। इसके बाद रामनगरिया थाना पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस के मौके पर पहुंचने पर लोगों ने चालक और कार को पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस ने घायल राधेश्याम को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मॉर्च्युरी में रखवाया गया।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कार चालक अपने दोस्त की बर्थ-डे पार्टी में शामिल होकर लौट रहा था। पुलिस ने कार चालक भावेश पंवार निवासी जोधपुर को डिटेन किया है। हादसे के समय कार की रफ्तार अधिक होने की बात सामने आई है।
पुलिस अब यह जांच कर रही है कि हादसे के समय चालक ने शराब पी रखी थी या नहीं। इसके साथ ही घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा सकती है, ताकि हादसे की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके।
इस हादसे ने देर रात तेज रफ्तार वाहन चलाने और सर्विस लाइन में वाहनों की अनियंत्रित आवाजाही को लेकर फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि महल रोड और आसपास के इलाकों में रात के समय तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही रहती है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। हादसे के बाद मृतक के परिवार में शोक की लहर है।