Saturday, 27 June 2026

इंदौर में अखिल भारतीय खंडेलवाल युवक-युवती परिचय सम्मेलन का शुभारंभ, 170 प्रत्याशियों ने दिया परिचय


इंदौर में अखिल भारतीय खंडेलवाल युवक-युवती परिचय सम्मेलन का शुभारंभ, 170 प्रत्याशियों ने दिया परिचय

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

इंदौर। अखिल भारतीय खंडेलवाल वैश्य युवक-युवती परिचय सम्मेलन का शुक्रवार को इंदौर में शुभारंभ हुआ। अखिल भारतीय खंडेलवाल वैश्य महासभा के तत्वावधान में संत सुंदरदास पारमार्थिक ट्रस्ट और खंडेलवाल संस्कृति वुमन्स क्लब द्वारा यह आयोजन रुक्मणी देवी चिरंजीलाल गुप्ता परिसर, पंजाब अरोड़ वंशीय ट्रस्ट भवन में किया जा रहा है। सम्मेलन में देशभर से समाजजन और विवाह योग्य युवक-युवतियां शामिल हुए।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अखिल भारतीय खंडेलवाल वैश्य महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रमेशचंद्र गुप्ता ‘तुंगा वाला’ जयपुर रहे। उन्होंने कहा कि लगभग 113 वर्षों से अखिल भारतीय खंडेलवाल वैश्य महासभा समाज के उत्थान और प्रगति के लिए निरंतर कार्य कर रही है। समाज में व्याप्त अंधविश्वास, कुरीतियों, लेन-देन, दहेज, लिफाफा संस्कृति और तलाक प्रथा जैसी सामाजिक बुराइयों के उन्मूलन के लिए महासभा पूरी तरह कटिबद्ध है।

सामाजिक एकता और बुराइयों के उन्मूलन पर जोर

मुख्य अतिथि रमेशचंद्र गुप्ता ने कहा कि ऐसे परिचय सम्मेलन समाज को नई दिशा देने का कार्य करते हैं। इन आयोजनों से युवक-युवतियों और उनके परिवारों को एक ही मंच पर संवाद का अवसर मिलता है। साथ ही सामाजिक बुराइयों को कम करने और संस्कारयुक्त वैवाहिक परंपराओं को आगे बढ़ाने में भी मदद मिलती है।

विशिष्ट अतिथि महासभा के मुख्य कार्यकारी अध्यक्ष संजीव कट्टा जयपुर ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन सामाजिक एकता, परस्पर प्रेम और आत्मीयता को बढ़ाने में सहायक होते हैं। उन्होंने कहा कि समाज में संवाद और सहयोग की भावना मजबूत होगी तो कुरीतियों को समाप्त करने का अभियान भी प्रभावी होगा।

मनीष शाहरा ने आयोजन की सराहना की

कार्यक्रम की अध्यक्षता सुप्रतिष्ठित उद्योगपति एवं रुचि ग्रुप के मनीष शाहरा ने की। उन्होंने आयोजकों को भव्य और सार्थक आयोजन के लिए बधाई दी। शाहरा ने सम्मेलन में शामिल प्रत्याशियों के उज्ज्वल भविष्य और श्रेष्ठ जीवनसाथी चयन के लिए मंगलकामनाएं व्यक्त कीं।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा संत सुंदरदास जी, संत बलरामदास जी महाराज, कल्याण जी महाराज और माता सरस्वती के चित्रों के समक्ष दीप प्रज्वलन और माल्यार्पण के साथ हुआ। इस अवसर पर समाज के वरिष्ठजनों और पदाधिकारियों ने भी अपने विचार व्यक्त किए।

‘परिणय बंधन’ पुस्तक का विमोचन

अखिल भारतीय खंडेलवाल वैश्य महासभा के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं मीडिया प्रभारी प्रोफेसर रमेश कुमार रावत ने बताया कि सम्मेलन के अवसर पर प्रकाशित पुस्तक ‘परिणय बंधन’ का विमोचन भी किया गया। अतिथियों ने राजेश डंगायच, कैलाश खंडेलवाल, निर्भय खंडेलवाल, संजय बड़गोती और राजेश भूखमारिया की उपस्थिति में पुस्तक का विमोचन किया।

अतिथियों का स्वागत दिनेश कूलवाल, रमेश गुप्ता, कैलाशचंद खंडेलवाल, सुनील माली, राजेंद्र कूलवाल, शुभांगी भूखमरिया, संगीता कूलवाल, सुनीता राजोरिया, उषा कूलवाल और सारिका खंडेलवाल सहित समाज के पदाधिकारियों ने किया।

170 प्रत्याशियों ने दिया परिचय, कई संबंध अंतिम चर्चा में

सम्मेलन के पहले दिन परिचय सत्र देर शाम 7:30 बजे तक चला। इस दौरान करीब 170 प्रत्याशियों ने मंच से अपना परिचय दिया। परिचय के दौरान प्रत्याशियों और परिवारों ने पढ़ी-लिखी, संस्कारवान युवती तथा उच्च शिक्षित और कार्यरत प्रत्याशियों को प्राथमिकता देने की बात कही।

आयोजकों के अनुसार, पहले दिन करीब 40 से 45 संबंधों को लेकर अंतिम स्तर पर चर्चा शुरू हो चुकी है। इससे सम्मेलन को लेकर समाजजनों में उत्साह दिखाई दिया। शनिवार को परिचय सत्र प्रातः 10 बजे से फिर शुरू होगा।

समाजजन बोले- ऐसे आयोजन समय की जरूरत

कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि बदलते समय में समाज के युवक-युवतियों को संस्कार, शिक्षा और परिवार की सहमति के साथ जीवनसाथी चयन का मंच उपलब्ध कराना जरूरी है। परिचय सम्मेलन ऐसे ही उद्देश्य को पूरा करने का माध्यम है। इससे समाज में पारदर्शिता, संवाद और आपसी विश्वास को बढ़ावा मिलता है।

कार्यक्रम का संचालन सीए सुनील खंडेलवाल, प्रियंका खंडेलवाल और शीतल गुप्ता ने किया। अंत में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष कैलाशचंद्र खंडेलवाल ने सभी अतिथियों, आयोजन समिति, समाजजनों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।

    Previous
    Next

    Related Posts