Friday, 26 June 2026

जयपुर में मोहर्रम पर सुरक्षा और यातायात के विशेष इंतजाम, परकोटे में वाहनों की एंट्री रहेगी बंद


जयपुर में मोहर्रम पर सुरक्षा और यातायात के विशेष इंतजाम, परकोटे में वाहनों की एंट्री रहेगी बंद

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

जयपुर। मोहर्रम के अवसर पर जयपुर शहर में निकलने वाले ताजिया जुलूसों को लेकर पुलिस और जिला प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा और यातायात व्यवस्था लागू की है। परकोटा क्षेत्र में कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। साथ ही शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर भी रोक लगाई गई है। जुलूस को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए करीब 3 हजार पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है।

यातायात पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे प्रतिबंधित मार्गों पर वाहन लेकर न जाएं और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें। पुलिस और प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि जुलूस मार्ग पर भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए यातायात डायवर्जन लागू रहेगा। लोगों से पुलिस के निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।

परकोटे में कई मार्गों से वाहनों की एंट्री बंद

मोहर्रम जुलूस के दौरान संजय सर्किल, अजमेरी गेट, न्यू गेट, सांगानेरी गेट, घाट गेट, गलता गेट और रामगढ़ मोड़ से परकोटे में सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। अन्य क्षेत्रों से आने वाले यातायात को आवश्यकता के अनुसार वैकल्पिक मार्गों से डायवर्ट किया जाएगा।

दोपहर बाद विभिन्न क्षेत्रों से ताजिए बड़ी चौपड़ पहुंचेंगे। यहां से मुख्य जुलूस हवामहल बाजार, चांदी की टकसाल, सुभाष चौक, जोरावर सिंह गेट और रामगढ़ मोड़ होते हुए कर्बला जाएगा। इस दौरान दोपहर से देर रात तक परकोटे के प्रमुख प्रवेश मार्गों पर वाहनों की एंट्री बंद रहेगी।

भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक

शहर में भारी मालवाहक वाहनों की एंट्री पर भी रोक रहेगी। रोड नंबर-14 वीकेआई, कालवाड़ पुलिया, सिरसी पुलिया, 200 फीट अजमेर रोड, न्यू सांगानेर मोड़, गोपालपुरा मोड़, ट्रांसपोर्ट नगर चौराहा, धोबीघाट, रामगढ़ मोड़, गलता गेट चौराहा और आमेर तिराहा सहित कई प्रमुख प्रवेश मार्गों से भारी वाहनों को शहर में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।

यातायात पुलिस का कहना है कि यह व्यवस्था जुलूस मार्ग पर भीड़, सुरक्षा और सुचारू आवागमन को ध्यान में रखते हुए लागू की गई है। भारी वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा, ताकि शहर के भीतर यातायात दबाव न बढ़े।

प्रमुख बाजारों में पार्किंग प्रतिबंधित

ताजिया जुलूस के दौरान शहर के कई प्रमुख बाजारों और मार्गों पर पार्किंग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। इनमें चौड़ा रास्ता, बड़ी चौपड़, बापू बाजार, जौहरी बाजार, हवामहल बाजार, सुभाष चौक, माउंट रोड, रामगंज बाजार, घाट गेट बाजार, चार दरवाजा, चांदपोल बाजार, छोटी चौपड़, त्रिपोलिया बाजार, गणगौरी बाजार, गोपीनाथ मार्ग, इंदिरा बाजार, किशनपोल बाजार, खजाने वालों का रास्ता, एमआई रोड और एमडी रोड शामिल हैं।

पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे इन क्षेत्रों में वाहन पार्क न करें। नियमों का उल्लंघन करने पर वाहन हटाने और आवश्यक कार्रवाई की जा सकती है।

3 हजार पुलिसकर्मी तैनात, ड्रोन और CCTV से निगरानी

पुलिस मुख्यालय के निर्देशों पर राजधानी जयपुर में सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। एडिशनल कमिश्नर लॉ एंड ऑर्डर राजीव पचार ने बताया कि शहर के भीतर और बाहरी क्षेत्रों में करीब 3 हजार पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए इंटेलिजेंस के जवान सादा वर्दी में भी मौजूद रहेंगे।

किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए क्विक रिस्पॉन्स टीम और इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीम को भी तैनात किया गया है। अभय कमांड सेंटर, शहरभर में लगे सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन कैमरों से हर गतिविधि की निगरानी की जाएगी। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा।

केवल लाइसेंसधारी ताजियों को जुलूस की अनुमति

जिला प्रशासन और पुलिस ने शांति समिति तथा सीएलजी सदस्यों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि केवल लाइसेंसधारी ताजियों को ही जुलूस के रूप में निकाले जाने की अनुमति होगी। जुलूस मार्ग पर बिजली, पानी और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित विभागों को भी निर्देश दिए गए हैं।

पुलिस की साइबर सेल सोशल मीडिया पर विशेष नजर रखेगी। अफवाह फैलाने, भ्रामक सूचना प्रसारित करने या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने लोगों से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की है।

यातायात पुलिस ने आमजन से कहा है कि मोहर्रम के दौरान जारी ट्रैफिक डायवर्जन का पालन करें, प्रतिबंधित मार्गों से बचें और भीड़भाड़ वाले इलाकों में अनावश्यक रूप से वाहन लेकर न जाएं। प्रशासन का उद्देश्य जुलूस को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित रूप से संपन्न कराना है।

Previous
Next

Related Posts