Friday, 26 June 2026

वेनेजुएला में 39 सेकेंड के भीतर दो ताकतवर भूकंप, 164 मौतों की पुष्टि, 971 घायल


वेनेजुएला में 39 सेकेंड के भीतर दो ताकतवर भूकंप, 164 मौतों की पुष्टि, 971 घायल

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

काराकस। दक्षिण अमेरिकी देश वेनेजुएला में 39 सेकेंड के भीतर आए दो शक्तिशाली भूकंपों ने भारी तबाही मचा दी है। बुधवार शाम स्थानीय समय के अनुसार करीब 6.04 बजे 7.2 तीव्रता का पहला झटका आया। इसके कुछ ही सेकेंड बाद 6.05 बजे 7.5 तीव्रता का दूसरा और अधिक शक्तिशाली भूकंप दर्ज किया गया। उस समय भारत में गुरुवार तड़के करीब 3.34 और 3.35 बजे का समय था।

भूकंप के झटके इतने तेज थे कि कई शहरों में इमारतें हिल गईं और लोग दहशत में घरों तथा दफ्तरों से बाहर निकल आए। स्थानीय लोगों के अनुसार, भूकंप के बाद करीब 60 सेकेंड तक शहर हिलता महसूस हुआ। मुख्य झटकों के बाद 20 से अधिक आफ्टरशॉक भी दर्ज किए गए हैं, जिससे लोगों में दहशत और बढ़ गई है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अब तक 164 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 971 लोग घायल बताए जा रहे हैं। कई इलाकों में इमारतों को नुकसान पहुंचा है और मलबे में लोगों के फंसे होने की आशंका के चलते राहत एवं बचाव कार्य जारी है। प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों में आपात सेवाओं को सक्रिय कर दिया है।

राष्ट्रीय अवकाश के दिन आया भूकंप

ये भूकंप ऐसे दिन आए, जब वेनेजुएला में राष्ट्रीय अवकाश था। 1821 में स्पेन के खिलाफ आजादी की लड़ाई की ऐतिहासिक जीत की सालगिरह के कारण स्कूल, दफ्तर और कई संस्थान बंद थे। इसी वजह से बड़ी संख्या में लोग अपने घरों में मौजूद थे। भूकंप के दौरान घरों और आवासीय इमारतों में मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

राजधानी काराकस सहित आसपास के क्षेत्रों में झटकों का असर ज्यादा महसूस किया गया। कई स्थानों से इमारतों में दरारें, दीवारों के गिरने और सड़कों पर लोगों के जमा होने की तस्वीरें सामने आई हैं। अस्पतालों में घायलों को पहुंचाया जा रहा है और कई इलाकों में बिजली तथा संचार सेवाएं प्रभावित होने की भी जानकारी मिल रही है।

USGS ने भारी जनहानि की आशंका जताई

अमेरिकी जियोलॉजिकल सर्वे यानी USGS के मॉडल के अनुसार, इस भूकंप से बड़े पैमाने पर जनहानि की आशंका जताई गई है। प्रारंभिक आकलन में 10 हजार से अधिक लोगों की मौत की आशंका को लेकर गंभीर चेतावनी दी गई है। वहीं, बड़े पैमाने पर ढांचागत नुकसान की भी संभावना जताई जा रही है।

USGS की चेतावनी के बाद राहत एजेंसियां और प्रशासनिक तंत्र अलर्ट मोड पर हैं। प्रभावित इलाकों में मलबा हटाने, घायलों को अस्पताल पहुंचाने और सुरक्षित स्थानों पर लोगों को शिफ्ट करने का काम जारी है। अधिकारियों का कहना है कि मृतकों और घायलों की संख्या आगे बढ़ सकती है, क्योंकि कई इलाकों से अभी पूरी जानकारी नहीं मिल पाई है।

आफ्टरशॉक से लोगों में दहशत

दो शक्तिशाली झटकों के बाद आए आफ्टरशॉक्स ने लोगों की चिंता और बढ़ा दी है। भूकंप प्रभावित क्षेत्रों में लोगों को क्षतिग्रस्त इमारतों से दूर रहने और खुले स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की है।

भूकंप के कारण कई इमारतों के क्षतिग्रस्त होने की खबर है। राहत दल मलबे में फंसे लोगों की तलाश कर रहे हैं। अस्पतालों में आपात स्थिति जैसी व्यवस्था की गई है और घायलों के उपचार के लिए अतिरिक्त चिकित्सा दल तैनात किए गए हैं।

अंतरराष्ट्रीय मदद की संभावना

वेनेजुएला में आई इस आपदा के बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी मदद की संभावना जताई जा रही है। कई देशों और राहत एजेंसियों की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है। यदि मृतकों और घायलों की संख्या बढ़ती है तथा नुकसान का दायरा व्यापक होता है, तो अंतरराष्ट्रीय राहत दलों की सहायता ली जा सकती है।

वेनेजुएला भूकंपीय दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्र में स्थित है, लेकिन 39 सेकेंड के भीतर इतनी अधिक तीव्रता के दो झटकों ने स्थिति को अत्यंत गंभीर बना दिया है। फिलहाल प्रशासन का पूरा ध्यान राहत, बचाव और घायलों के उपचार पर केंद्रित है।

    Previous
    Next

    Related Posts