Thursday, 25 June 2026

राजस्थान पुलिस के तकनीकी संवर्ग का पुनर्गठन, 403 उच्च पदों की वृद्धि से चालक, घुड़सवार और बैंड शाखाओं में कार्यरत पुलिसकर्मियों को पदोन्नति के मिलेंगे अधिक अवसर


राजस्थान पुलिस के तकनीकी संवर्ग का पुनर्गठन, 403 उच्च पदों की वृद्धि से चालक, घुड़सवार और बैंड शाखाओं में कार्यरत पुलिसकर्मियों को पदोन्नति के मिलेंगे अधिक अवसर

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने राजस्थान पुलिस के तकनीकी संवर्ग से जुड़े पुलिसकर्मियों के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। राज्य सरकार ने तकनीकी संवर्ग का कैडर पुनर्गठन करते हुए 403 पदों को उच्च पदों में पुनर्गठित करने की स्वीकृति जारी की है। इससे चालक, घुड़सवार और बैंड शाखाओं में कार्यरत पुलिसकर्मियों को पदोन्नति के अधिक अवसर मिलेंगे और वर्षों से लंबित पदोन्नति प्रक्रिया को गति मिलेगी।

गृह विभाग, राजस्थान की ओर से 23 जून 2026 को जारी स्वीकृति के अनुसार तकनीकी संवर्ग के 403 पदों को उच्च पदों में पुनर्गठित किया गया है। राज्य बजट घोषणा 2026-27 की समयबद्ध क्रियान्विति के तहत यह निर्णय लिया गया है। पुलिस महानिदेशक राजस्थान राजीव कुमार शर्मा के प्रयासों से तकनीकी संवर्ग के कार्मिकों के लिए पदोन्नति की राह खुली है।

इस पुनर्गठन से अब तकनीकी संवर्ग में भी सिविल संवर्ग की तरह समयानुसार पदोन्नतियां हो सकेंगी। सरकार का मानना है कि इस निर्णय से पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़ेगा, कार्यक्षमता मजबूत होगी और तकनीकी शाखाओं में सेवा गुणवत्ता को भी बढ़ावा मिलेगा। यह निर्णय कार्मिक कल्याण, प्रशासनिक सुधार और तकनीकी दक्षता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

लंबे समय से सीमित थे पदोन्नति के अवसर

राजस्थान पुलिस के तकनीकी संवर्ग में अब तक उच्च पदों की संख्या सीमित होने के कारण पदोन्नति के अवसर काफी कम थे। सिविल, आईबी, दूरसंचार, आरएसी/एमबीसी चालक, सिविल घुड़सवार और सिविल व आरएसी/एमबीसी बैंड शाखाओं में कार्यरत कार्मिक लंबे समय से पदोन्नति की प्रतीक्षा कर रहे थे।

स्थिति यह थी कि इस संवर्ग में नियुक्त कई कॉन्स्टेबल लंबे समय से उसी पद पर कार्यरत थे, जबकि समान अवधि में सिविल पुलिस में नियुक्त कॉन्स्टेबल पदोन्नति प्राप्त कर सहायक उपनिरीक्षक तक पहुंच चुके थे। इस असमानता के कारण तकनीकी संवर्ग के कार्मिकों में निराशा थी। अब कैडर पुनर्गठन से इन कार्मिकों को राहत मिलेगी।

चालक, बैंड और घुड़सवार शाखा में बढ़े उच्च पद

स्वीकृति के अनुसार तकनीकी संवर्ग में चालक वर्ग के 331 पदों को पुनर्गठित कर उच्च पदों में वृद्धि की गई है। इनमें पुलिस निरीक्षक/सीसी के 16 पद, उप निरीक्षक/पीसी के 62 पद और हेड कॉन्स्टेबल के 253 पद शामिल हैं।

इसी प्रकार बैंड वर्ग में कुल 69 उच्च पद बढ़ाए गए हैं। इनमें उप निरीक्षक/पीसी के 17 पद और हेड कॉन्स्टेबल के 52 पद शामिल हैं। वहीं घुड़सवार वर्ग में उप निरीक्षक/पीसी के 3 उच्च पद बढ़ाए गए हैं। इस प्रकार कुल 403 उच्च पदों की वृद्धि से तकनीकी संवर्ग के पुलिसकर्मियों को पदोन्नति के नए अवसर मिलेंगे।

उच्च पदों की संख्या में इस प्रकार हुआ बदलाव

कैडर पुनर्गठन के बाद सिविल, आईबी, दूरसंचार और आरएसी/एमबीसी चालक वर्ग में पुलिस निरीक्षक/सीसी के पद 17 से बढ़कर 33 हो गए हैं। उप निरीक्षक/पीसी के पद 108 से बढ़कर 170 और हेड कॉन्स्टेबल के पद 1046 से बढ़कर 1299 कर दिए गए हैं।

इसी तरह सिविल बैंड और आरएसी/एमबीसी बैंड वर्ग में उप निरीक्षक के पद 10 से बढ़कर 27 और हेड कॉन्स्टेबल के पद 141 से बढ़कर 193 हो गए हैं। सिविल घुड़सवार वर्ग में उप निरीक्षक के पदों की संख्या 1 से बढ़ाकर 4 कर दी गई है।

डीजीपी के प्रस्ताव पर सरकार ने दी स्वीकृति

तकनीकी संवर्ग में पदोन्नति की समस्या को देखते हुए पुलिस महानिदेशक राजस्थान राजीव कुमार शर्मा की पहल पर कैडर पुनर्गठन का प्रस्ताव राज्य सरकार को भेजा गया था। इस प्रस्ताव पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने राज्य बजट वर्ष 2026-27 में कैडर पुनर्गठन की घोषणा की थी। इसी घोषणा की समयबद्ध अनुपालना में गृह विभाग ने स्वीकृति आदेश जारी किया है।

पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा ने कहा कि राजस्थान पुलिस बल को आधुनिक, दक्ष और सुदृढ़ बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। तकनीकी संवर्ग का पुनर्गठन इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे तकनीकी शाखाओं की कार्यक्षमता और सेवा गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार होगा। उन्होंने कहा कि आगे भी कार्मिक कल्याण और संगठनात्मक सुधार के लिए प्रयास जारी रहेंगे।

इस निर्णय को राजस्थान पुलिस के तकनीकी संवर्ग के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है। इससे न केवल पुलिसकर्मियों को पदोन्नति के अवसर मिलेंगे, बल्कि पुलिस व्यवस्था

Previous
Next

Related Posts