Thursday, 25 June 2026

जयपुर में पति-पत्नी और ‘वो’ का हाई-वोल्टेज ड्रामा, बीच सड़क पत्नी ने पति और महिला की पिटाई की


जयपुर में पति-पत्नी और ‘वो’ का हाई-वोल्टेज ड्रामा, बीच सड़क पत्नी ने पति और महिला की पिटाई की

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

जयपुर। जयपुर में पति-पत्नी और कथित प्रेमिका से जुड़ा हाई-वोल्टेज ड्रामा सामने आया है। टोंक रोड पर गांधी नगर रेलवे स्टेशन के पास गोल्डन लीफ बिल्डिंग के सामने एक महिला ने अपने पति को कथित रूप से दूसरी महिला के साथ बाइक पर जाते हुए पकड़ लिया। इसके बाद बीच सड़क पर जमकर हंगामा हो गया। महिला ने पहले पति के साथ मौजूद महिला को बाइक से उतारा और उसके साथ मारपीट की। पति ने बीच-बचाव की कोशिश की तो महिला ने पति पर भी थप्पड़ और घूंसे बरसा दिए।

जानकारी के अनुसार, महिला को पिछले कुछ समय से अपने पति पर अफेयर का शक था। महिला का आरोप है कि पति घर पर उसके साथ मारपीट करता था। इसी संदेह और विवाद के चलते महिला ने पति की गतिविधियों पर नजर रखनी शुरू की। बताया जा रहा है कि सुबह पति बाइक लेकर घर से निकला तो पत्नी ने उसका पीछा किया। कुछ दूरी पर पति ने एक महिला को बाइक पर बैठाया। यह देखकर पत्नी ने पीछा कर गोल्डन लीफ बिल्डिंग के पास बाइक रुकवा ली।

बाइक रुकते ही महिला ने पति के साथ मौजूद महिला को नीचे उतारा और उसके बाल पकड़कर मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान पति ने अपनी बाइक सड़क पर ही छोड़कर बीच-बचाव करने का प्रयास किया। पति के हस्तक्षेप से पत्नी और भड़क गई और उसने पति की कॉलर पकड़कर उसे भी पीटना शुरू कर दिया। बीच सड़क पर अचानक हुए इस घटनाक्रम से मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

मोबाइल से वीडियो बनाते रहे लोग

घटना के दौरान बड़ी संख्या में लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। कई लोग मोबाइल से वीडियो बनाते नजर आए। भीड़ में मौजूद कुछ लोगों ने महिला को शांत कराने के बजाय पति की पिटाई करने के लिए उकसाया। बताया जा रहा है कि भीड़ की आवाजों के बीच महिला ने पति का हेलमेट और चेहरे पर बंधा कपड़ा हटाकर उसकी पहचान उजागर कर दी।

महिला ने आरोप लगाया कि उसका पति घर पर उसके साथ रोज मारपीट करता था और वह लंबे समय से यह सब सहन कर रही थी। महिला ने कहा कि अब वह पति को नहीं छोड़ेगी। इस बीच पति ने किसी तरह साथ आई महिला को भीड़ और पत्नी से अलग कर वहां से रवाना किया।

करीब 15 मिनट तक चला हंगामा

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टोंक रोड पर करीब 15 मिनट तक यह हंगामा चलता रहा। बाद में कुछ लोगों ने बीच-बचाव किया और मामले को घर पर सुलझाने की बात कहकर दोनों पक्षों को वहां से भेजा। घटना के कारण कुछ देर तक मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

इस पूरे मामले पर बजाज नगर थाना प्रभारी रामधन मीणा ने बताया कि घटना करीब दो दिन पुरानी है। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। हालांकि, अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से थाने में कोई लिखित रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई है। प्रारंभिक जांच में वीडियो में दिख रहे लोग पति-पत्नी बताए जा रहे हैं। पुलिस अपने स्तर पर मामले की जांच कर रही है।

पुलिस का कहना है कि यदि किसी पक्ष की ओर से शिकायत दी जाती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल वायरल वीडियो और घटना से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है।




Previous
Next

Related Posts