



जयपुर। निर्जला एकादशी और मोहर्रम पर्व को देखते हुए जयपुर में सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर विशेष इंतजाम किए गए हैं। पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर शहर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। गोविंददेवजी मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ और मोहर्रम के ताजिया जुलूस को ध्यान में रखते हुए कई मार्गों पर ट्रैफिक प्रतिबंध और पार्किंग निषेध लागू किया गया है।
निर्जला एकादशी के अवसर पर 25 जून को गोविंददेवजी मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए मंदिर क्षेत्र में वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाई गई है। सादुल सिंह की नाल, जलेब चौक, आतिश मार्केट गेट और सब्जी मंडी की ओर से मंदिर क्षेत्र में वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
पुराने शहर के प्रमुख बाजारों में भी पार्किंग पर रोक रहेगी। सुबह 4 बजे से दोपहर 1 बजे तक चौड़ा रास्ता, बड़ी चौपड़, बापू बाजार, जौहरी बाजार, हवामहल बाजार, त्रिपोलिया बाजार और गणगौरी बाजार में सभी प्रकार के वाहनों की पार्किंग प्रतिबंधित रहेगी। पुलिस ने श्रद्धालुओं और आमजन से अपील की है कि वे निर्धारित पार्किंग स्थलों और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें।
मोहर्रम को लेकर भी जयपुर पुलिस ने विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार किया है। 25 जून की रात और 26 जून को शहर के विभिन्न क्षेत्रों से ताजियों को बड़ी चौपड़ लाया जाएगा। इस दौरान परकोटा क्षेत्र में कई मार्गों पर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। सामान्य ट्रैफिक को वैकल्पिक मार्गों से संचालित किया जाएगा।
पुलिस और यातायात विभाग की टीमें प्रमुख जुलूस मार्गों, धार्मिक स्थलों, बाजारों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में तैनात रहेंगी। संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखी जाएगी। यातायात पुलिस को भीड़ नियंत्रण और वाहनों के डायवर्जन के लिए अतिरिक्त व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं।
सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ सोशल मीडिया पर भी पुलिस की विशेष नजर रहेगी। पुलिस ने भ्रामक सूचनाएं, अफवाहें या भड़काऊ सामग्री फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है। साइबर सेल को विशेष निगरानी के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी संदिग्ध पोस्ट या अफवाह पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।
पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे पर्व के दौरान शांति और सौहार्द बनाए रखें। यातायात नियमों का पालन करें, वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें। प्रशासन ने कहा है कि सभी धार्मिक आयोजनों को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं।