Wednesday, 24 June 2026

पचपदरा रिफाइनरी राजस्थान का ग्रोथ इंजन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शीघ्र करेंगे शुभारंभ: भजनलाल शर्मा


पचपदरा रिफाइनरी राजस्थान का ग्रोथ इंजन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शीघ्र करेंगे शुभारंभ: भजनलाल शर्मा

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बुधवार को मुख्यमंत्री आवास पर पचपदरा रिफाइनरी कम पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स के संबंध में उच्च स्तरीय बैठक ली। बैठक में उन्होंने अधिकारियों और एचआरआरएल प्रबंधन से रिफाइनरी की प्रगति, संचालन और आगामी तैयारियों के बारे में विस्तृत जानकारी ली तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शीघ्र ही पचपदरा रिफाइनरी का शुभारंभ करेंगे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस आयोजन को ऐतिहासिक बनाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय पर सुनिश्चित की जाएं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पचपदरा रिफाइनरी से राजस्थान देश की ऊर्जा सुरक्षा का मजबूत स्तंभ बनेगा। यह परियोजना केवल एक औद्योगिक प्रोजेक्ट नहीं है, बल्कि प्रदेश के आर्थिक विकास को नई गति देने वाला ग्रोथ इंजन साबित होगी।

बैठक के दौरान एचआरआरएल प्रबंधन ने मुख्यमंत्री को पचपदरा रिफाइनरी से निकल रहे विभिन्न प्रोडक्ट्स के सैंपल भेंट किए। इसके साथ ही रिफाइनरी का मॉडल और इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट की ऐतिहासिक यात्रा को दर्शाने वाली बुकलेट भी प्रस्तुत की गई।

एचआरआरएल प्रबंधन ने मुख्यमंत्री की माइक्रो मॉनिटरिंग की सराहना करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के सतत मार्गदर्शन और प्रोत्साहन से रिफाइनरी का काम तेजी से आगे बढ़ा है। प्रबंधन ने बताया कि एचआरआरएल और राज्य सरकार के अधिकारियों ने टीम भावना से निरंतर कार्य किया है।

प्रबंधन के अनुसार कुछ ही समय के अंतराल में रिफाइनरी संचालन के लिए पुनः तैयार हो गई है। आधा दर्जन से अधिक यूनिट्स कार्य कर रही हैं और कई प्रोडक्ट्स का उत्पादन प्रारंभ हो चुका है। इससे परियोजना के पूर्ण संचालन की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति मानी जा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पचपदरा रिफाइनरी के पूर्ण संचालन से राजस्थान में उद्योग, निवेश और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। पेट्रोकेमिकल आधारित उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा और पश्चिमी राजस्थान में आर्थिक गतिविधियों को नई दिशा मिलेगी।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परियोजना से जुड़े शेष कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए। साथ ही, शुभारंभ कार्यक्रम से संबंधित सुरक्षा, प्रोटोकॉल, व्यवस्थाओं और समन्वय को लेकर सभी विभाग सक्रिय रूप से तैयारी करें।

बैठक में मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास, अतिरिक्त मुख्य सचिव मुख्यमंत्री कार्यालय अखिल अरोड़ा, अतिरिक्त मुख्य सचिव खान एवं पेट्रोलियम अपर्णा अरोड़ा, प्रमुख शासन सचिव वित्त वैभव गालरिया और एचआरआरएल प्रबंधन सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

पचपदरा रिफाइनरी कम पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स को राजस्थान की सबसे महत्वपूर्ण औद्योगिक परियोजनाओं में गिना जा रहा है। इसके शुभारंभ के बाद प्रदेश की औद्योगिक क्षमता, ऊर्जा क्षेत्र और पेट्रोकेमिकल सेक्टर को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।

Previous
Next

Related Posts