



जयपुर। जयपुर की मुहाना मंडी में मंगलवार दोपहर एक फल व्यापारी पर हमला और लूट के प्रयास का मामला सामने आया है। वारदात दोपहर करीब 1 बजे मुहाना मंडी स्थित लक्ष्मी फ्रूट कंपनी के ऑफिस में हुई। घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जिसके आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पीड़ित महेंद्र सिंह ने मुहाना थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि रोहिताश उर्फ राहुल पुत्र हरिराम, उम्र करीब 24 वर्ष, निवासी वृंदावन विहार कपूरावाला, करीब 20 बदमाशों के साथ उनकी फर्म पर आया और जानलेवा हमला कर दिया। पीड़ित के अनुसार कई आरोपियों ने अपने चेहरे कपड़े से ढक रखे थे।
महेंद्र सिंह ने बताया कि वह मुहाना मंडी स्थित लक्ष्मी फ्रूट कंपनी, बी-140 के ऑफिस में बैठे थे। उनका भाई बलवीर सिंह दूसरे कमरे में मौजूद था। उस समय दिनभर की बिक्री के बाद प्राप्त राशि की गिनती की जा रही थी और करीब छह लाख रुपए बैंक में जमा कराने की तैयारी थी। इसी दौरान बदमाशों ने फर्म पर हमला कर दिया।
रिपोर्ट के अनुसार आरोपी रोहिताश ने डंडे से बलवीर सिंह के सिर पर वार किया, जिससे उन्हें गंभीर चोट आई। बलवीर सिंह के सिर में 10 टांके लगाने पड़े। बीच-बचाव करने पहुंचे महेंद्र सिंह भी घायल हो गए और उनके दाहिने हाथ का अंगूठा टूट गया।
पीड़ित महेंद्र सिंह का आरोप है कि रोहिताश दुकान पर पहुंचा और बिना किसी कारण बलवीर सिंह से विवाद करने लगा। उन्होंने आशंका जताई कि यह विवाद लूट की पूर्व नियोजित साजिश का हिस्सा था। जैसे ही कहासुनी बढ़ी, रोहिताश के साथ आए करीब 20 नकाबपोश बदमाश लाठी-डंडों से लैस होकर दुकान की ओर बढ़ने लगे।
व्यापारी का आरोप है कि हमलावरों का मकसद दुकान में रखी नकदी को लूटना था। दुकान में उस समय करीब छह लाख रुपए मौजूद थे, जिन्हें बैंक में जमा कराने की तैयारी चल रही थी। हमले के दौरान मंडी परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना के बाद घायल बलवीर सिंह और महेंद्र सिंह को उपचार के लिए ले जाया गया। वहीं पीड़ित पक्ष ने मुहाना थाने में रिपोर्ट देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
सीसीटीवी फुटेज में बदमाशों की गतिविधियां कैद होने की बात सामने आई है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। फिलहाल पुलिस मामले को आपसी विवाद, हमला और लूट के प्रयास की आशंका सहित सभी पहलुओं से जांच रही है।
मुहाना मंडी में दिनदहाड़े हुई इस घटना से व्यापारियों में रोष और डर का माहौल है। व्यापारियों का कहना है कि मंडी क्षेत्र में बड़ी मात्रा में रोजाना नकद लेन-देन होता है, ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस गश्त को और मजबूत किए जाने की जरूरत है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और आरोपियों की तलाश की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज और पीड़ित पक्ष के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।