Monday, 22 June 2026

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा मंगलवार को दिल्ली दौरे पर, यमुना जल परियोजना के एमओए पर होगी अहम बैठक


मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा मंगलवार को दिल्ली दौरे पर, यमुना जल परियोजना के एमओए पर होगी अहम बैठक

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा मंगलवार को नई दिल्ली दौरे पर रहेंगे। वे यमुना जल परियोजना की क्रियान्विति को लेकर आयोजित होने वाली उच्चस्तरीय बैठक में भाग लेंगे। इस बैठक में परियोजना से संबंधित एमओए यानी मेमोरेंडम ऑफ एग्रीमेंट को अंतिम रूप देने के प्रयास किए जाएंगे।

बैठक में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा शामिल होंगे। इसके साथ ही केंद्र सरकार, राजस्थान जल संसाधन विभाग और हरियाणा सरकार के वरिष्ठ अधिकारी भी बैठक में मौजूद रहेंगे।

यमुना जल परियोजना राजस्थान के शेखावाटी क्षेत्र के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण मानी जा रही है। इस परियोजना के माध्यम से शेखावाटी क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति को मजबूत करने के साथ-साथ किसानों को भी पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने का लक्ष्य है। परियोजना के धरातल पर उतरने से क्षेत्र में जल संकट की समस्या को दूर करने में बड़ी मदद मिल सकती है।

राजस्थान और हरियाणा सरकार केंद्र सरकार के सहयोग से परियोजना की क्रियान्विति की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही हैं। बैठक में एमओए से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं पर निर्णायक चर्चा की जाएगी। प्रयास रहेगा कि समझौते से जुड़े लंबित विषयों को अंतिम रूप देकर परियोजना को जल्द से जल्द आगे बढ़ाया जा सके।

राज्य सरकार का मानना है कि यमुना जल परियोजना शेखावाटी क्षेत्र के लिए जीवनरेखा साबित हो सकती है। इससे क्षेत्र के लोगों को भरपूर पेयजल उपलब्ध होगा और किसानों को सिंचाई के लिए पानी मिलने से कृषि क्षेत्र को भी बड़ी राहत मिलेगी। सरकार का लक्ष्य है कि परियोजना जल्द मूर्त रूप ले और अन्नदाता को इसका सीधा लाभ मिले।

उल्लेखनीय है कि यमुना जल समझौते के तहत पाइपलाइन बिछाने के लिए संयुक्त डीपीआर तैयार कर केंद्रीय जल आयोग के साथ साझा कर दी गई है। अब एमओए को अंतिम रूप देने की दिशा में यह बैठक महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

बैठक में परियोजना की तकनीकी, प्रशासनिक और क्रियान्वयन से जुड़ी शर्तों पर चर्चा होगी। राजस्थान सरकार इस परियोजना को समयबद्ध रूप से आगे बढ़ाने के लिए गंभीरता से काम कर रही है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की दिल्ली यात्रा को शेखावाटी क्षेत्र के जल भविष्य के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

यदि एमओए से जुड़े प्रमुख बिंदुओं पर सहमति बनती है, तो यमुना जल परियोजना की क्रियान्विति को नई गति मिल सकती है। इससे शेखावाटी के कई जिलों को दीर्घकालिक पेयजल समाधान मिलने की उम्मीद है।

Previous
Next

Related Posts