Sunday, 21 June 2026

जयपुर में री-नीट परीक्षा के दौरान छात्रा के पास मिला मोबाइल, परीक्षा केंद्र पर मचा हड़कंप, पुलिस ने छात्रा को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू


जयपुर में री-नीट परीक्षा के दौरान छात्रा के पास मिला मोबाइल, परीक्षा केंद्र पर मचा हड़कंप, पुलिस ने छात्रा को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

जयपुर के बिंदायका थाना इलाके में स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में आयोजित री-नीट परीक्षा के दौरान एक छात्रा के पास मोबाइल फोन मिलने से परीक्षा केंद्र पर हड़कंप मच गया। परीक्षा केंद्र पर कुल 240 परीक्षार्थी परीक्षा दे रहे थे। मोबाइल मिलने की सूचना के बाद परीक्षा प्रशासन और पुलिस तत्काल सक्रिय हो गई।

जानकारी के अनुसार गुर्जर की थड़ी निवासी छात्रा परीक्षा शुरू होने से करीब एक घंटे पहले केंद्र पर पहुंची थी। परीक्षा के दौरान शाम करीब 5 बजे ड्यूटी पर तैनात महिला वीक्षक को छात्रा की गतिविधियों पर संदेह हुआ। इसके बाद सख्ती से तलाशी लेने पर छात्रा के पास छिपाकर रखा गया मोबाइल फोन बरामद हुआ।

मोबाइल फोन मिलने की सूचना मिलते ही परीक्षा केंद्र पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस में खलबली मच गई। सूचना पर बिंदायका थानाधिकारी विनोद कुमार तत्काल मौके पर पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी प्रशांत किरण, अतिरिक्त डीसीपी राजेश गुप्ता, बगरू एसीपी दीपक खंडेलवाल और वैशाली नगर एसीपी अनिल शर्मा ने भी परीक्षा केंद्र का दौरा किया।

बड़ी संख्या में पुलिस बल के पहुंचने से परीक्षा केंद्र कुछ देर के लिए पुलिस छावनी में तब्दील हो गया। पुलिस ने परीक्षा केंद्र के आसपास सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त किया तथा पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। परीक्षा प्रशासन ने भी घटना को गंभीरता से लेते हुए संबंधित जानकारी उच्च अधिकारियों को दी।

पुलिस ने छात्रा को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। इसके साथ ही छात्रा के परिजनों से भी जानकारी ली जा रही है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि मोबाइल फोन सुरक्षा जांच को पार कर परीक्षा केंद्र के अंदर कैसे पहुंचा। इसके अलावा यह भी जांच की जा रही है कि क्या इस मामले में किसी अन्य व्यक्ति, स्थानीय स्तर के सहयोगी या किसी गिरोह की भूमिका हो सकती है।

पुलिस और परीक्षा प्रशासन मामले की बारीकी से पड़ताल कर रहे हैं। फिलहाल मोबाइल फोन मिलने को गंभीर सुरक्षा चूक के रूप में देखा जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि छात्रा ने मोबाइल का उपयोग किया था या नहीं और इस मामले में आगे क्या कार्रवाई की जाएगी।

दूसरी ओर जयपुर शहर में री-नीट यूजी परीक्षा कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच संपन्न हुई। परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित की गई। शहर में कुल 103 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे, जिनमें 84 राजकीय और 19 निजी विद्यालय शामिल रहे। जयपुर जिले में कुल 37,128 अभ्यर्थी पंजीकृत थे।

आंकड़ों के अनुसार जयपुर जिले में 34,031 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 3,097 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। जिले में कुल उपस्थिति 91.66 प्रतिशत दर्ज की गई। परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने व्यापक स्तर पर निगरानी व्यवस्था की थी।

जिला कलक्टर संदेश नायक ने महात्मा गांधी इंग्लिश मीडियम स्कूल गांधी नगर, शहीद अभय कुमार पारीक सीनियर सेकेंडरी स्कूल सहित विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा, प्रवेश व्यवस्था, अभ्यर्थियों की जांच और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

इसके अलावा केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-1, 3 और 4, पोद्दार स्कूल, महात्मा गांधी स्कूल आदर्श नगर, मिंट स्कूल, माहेश्वरी पब्लिक स्कूल और आदर्श स्कूल सिंधी कॉलोनी सहित कई परीक्षा केंद्रों की भी निगरानी की गई। परीक्षा के दौरान प्रशासन, पुलिस, एनटीए और चिकित्सा विभाग की टीमें लगातार सक्रिय रहीं।

अतिरिक्त जिला कलक्टर और परीक्षा के नोडल अधिकारी नरेंद्र कुमार वर्मा ने बताया कि परीक्षा के लिए 24 मोबाइल ड्यूटी मजिस्ट्रेट तैनात किए गए थे। पुलिस अधिकारियों, एनटीए और चिकित्सा विभाग की टीमों के साथ लगातार मॉनिटरिंग की गई। पेपर लीक जैसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए इस बार सुरक्षा व्यवस्था बेहद सख्त रखी गई।

सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे, जैमर, बायोमेट्रिक सत्यापन, फ्रिस्किंग और पहचान जांच की व्यवस्था की गई थी। हर परीक्षा केंद्र पर सीआरपीएफ और पुलिस बल तैनात रहा। अभ्यर्थियों को निर्धारित ड्रेस कोड का पालन करते हुए हल्के कपड़ों में आने के निर्देश दिए गए थे।

एनटीए की ओर से इस बार परीक्षार्थियों को 15 मिनट का अतिरिक्त समय भी दिया गया। इसके चलते परीक्षा की कुल अवधि 180 मिनट से बढ़कर 195 मिनट रही। प्रशासन का दावा है कि व्यापक निगरानी और कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच परीक्षा शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई, हालांकि बिंदायका केंद्र पर मोबाइल मिलने की घटना को गंभीरता से लेते हुए जांच जारी है।

Previous
Next

Related Posts