



जयपुर में रविवार दोपहर LPG गैस सिलेंडरों से भरे एक ट्रक के केबिन में अचानक आग लग गई। आग लगते ही ड्राइवर ने सूझबूझ दिखाते हुए ट्रक को तुरंत रोका और कूदकर अपनी जान बचाई। हादसे के समय ट्रक में 359 खाली गैस सिलेंडर रखे हुए थे।
यह घटना रविवार दोपहर करीब 3:30 बजे रिंग रोड के पास हुई। जानकारी के अनुसार करौली जिले के सपोटरा निवासी ड्राइवर भूर सिंह अलवर से गैस सिलेंडर की खाली टंकियां लेकर ट्रक से जयपुर आ रहा था। इसी दौरान रास्ते में ट्रक के केबिन में आग लग गई।
केबिन से धुआं और आग की लपटें उठती देख ड्राइवर ने तत्काल ट्रक को सड़क किनारे रोका। इसके बाद वह तेजी से नीचे कूद गया। ड्राइवर की सतर्कता के कारण बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी।
सूचना मिलने पर सांगानेर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तुरंत एहतियातन आसपास के क्षेत्र में लोगों की आवाजाही नियंत्रित करवाई। फायर ब्रिगेड की एक गाड़ी मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया गया। कुछ देर की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया।
ट्रक में खाली LPG सिलेंडर होने के कारण हादसे को लेकर लोगों में कुछ समय के लिए दहशत का माहौल बन गया। हालांकि समय रहते आग पर नियंत्रण पा लेने से बड़ा नुकसान टल गया। प्रारंभिक तौर पर आग ट्रक के केबिन में लगना बताया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। ट्रक और सिलेंडरों को सुरक्षित स्थान पर ले जाने की कार्रवाई भी की गई। घटना के बाद कुछ देर तक रिंग रोड के पास यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य करवा दिया गया।