



टोंक। कमिश्नर मिड डे मील एवं जिला प्रभारी सचिव विश्व मोहन शर्मा ने शनिवार को उपखंड निवाई की ग्राम पंचायत गुंसी में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर-2026 का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभागीय कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर टीना डाबी भी मौजूद रहीं।
जिला प्रभारी सचिव ने शिविर में लगी विभागवार स्टॉलों का अवलोकन किया और प्राप्त आवेदनों तथा उनके निस्तारण की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक प्रकरण का समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। शर्मा ने कहा कि ग्रामीण सेवा शिविर राज्य सरकार की जनहितकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम हैं।
शिविर के दौरान जिला प्रभारी सचिव विश्व मोहन शर्मा और जिला कलक्टर टीना डाबी ने लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं के तहत लाभ वितरित किए। पंचायतीराज विभाग की ओर से मनभर देवी, रामफूल, निर्मल कंवर, लक्ष्मी कंवर, जवाहरलाल और हनुमान प्रसाद को आवासीय पट्टे प्रदान किए गए। इसके साथ ही वर्षों पुराने भूमि विवाद का सहमति से बंटवारा करवाकर परिवादियों को राहत दिलाई गई।
मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना के तहत लाली, चंपा, अनीता, जानकी, पांची देवी, रुकमा देवी, शिमला, कमला देवी, नाथी देवी, बादाम देवी और गुड्डू देवी को बीमा पॉलिसियां वितरित कर लाभान्वित किया गया। जिला प्रभारी सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविरों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि अधिक से अधिक पात्र व्यक्ति योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें।
उन्होंने जनसमस्याओं के त्वरित समाधान और योजनाओं की शत-प्रतिशत पहुंच सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। इस अवसर पर उपखंड अधिकारी अजीत सिंह राठौड़, तहसीलदार नरेश गुर्जर, विकास अधिकारी नंदकिशोर सहित जिला एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
जिला प्रभारी सचिव विश्व मोहन शर्मा ने नगर परिषद टोंक के शहरी सेवा शिविर का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि ये शिविर आमजन की समस्याओं के त्वरित और प्रभावी समाधान का सशक्त माध्यम बन रहे हैं। मौके पर ही लोगों की समस्याओं का समाधान होने और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिलने से आमजन को बड़ी राहत मिल रही है। इस दौरान जिला कलक्टर टीना डाबी और नगर परिषद आयुक्त धर्मपाल जाट भी मौजूद रहे।
शहरी सेवा शिविर में प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी, आवासीय पट्टे, लाडो प्रोत्साहन योजना और पीएम स्वनिधि योजना के तहत लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया। जिला प्रभारी सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप जनसमस्याओं का पारदर्शी और स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए।
पीएम स्वनिधि योजना के तहत 8 स्ट्रीट वेंडर्स को 50 हजार रुपए, 11 स्ट्रीट वेंडर्स को 25 हजार रुपए और 8 स्ट्रीट वेंडर्स को 15 हजार रुपए के चेक वितरित किए गए। इसी तरह प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के तहत 26 लाभार्थियों को आवास निर्माण के लिए चेक सौंपे गए। कृषि भूमि में अकृषि आवासीय योजना के तहत लाभार्थियों को फ्री होल्ड पट्टे भी प्रदान किए गए।
महिला अधिकारिता विभाग की ओर से लाडो प्रोत्साहन योजना के तहत 3 बालिकाओं को 2 हजार 500 रुपए के चेक, बधाई कार्ड और बेबी किट देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही नगर परिषद की ओर से रवि शर्मा को अनुकंपा नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया। लाभार्थियों ने जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिलने पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और राज्य सरकार का आभार व्यक्त किया।