Sunday, 21 June 2026

केंद्र सरकार के 12 वर्ष सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण और विकास को समर्पित रहे: कन्हैया लाल चौधरी


केंद्र सरकार के 12 वर्ष सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण और विकास को समर्पित रहे: कन्हैया लाल चौधरी

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

टोंक। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में टोंक भाजपा कार्यालय में “विकसित भारत प्रबुद्धजन सम्मेलन” का आयोजन किया गया। सम्मेलन में कैबिनेट मंत्री कन्हैया लाल चौधरी और भाजपा प्रदेश महामंत्री मिथलेश गौत्तम ने उपस्थित कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को संबोधित किया। कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारी, सामाजिक प्रतिनिधि, शिक्षाविद, अधिवक्ता, व्यापारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

टोंक भाजपा कार्यालय में विकसित भारत प्रबुद्धजन सम्मेलन आयोजित, प्रबुद्धजनों की कम उपस्थिति पर उठे सवाल

भाजपा की ओर से आयोजित यह प्रबुद्धजन सम्मेलन अपेक्षित रूप से प्रबुद्धजनों की व्यापक भागीदारी नहीं जुटा पाया। सम्मेलन का उद्देश्य ऐसे प्रबुद्धजनों को आमंत्रित करना था, जिन तक भाजपा की रीति-नीति और केंद्र सरकार की 12 वर्षों की उपलब्धियों को पहुंचाया जा सके। लेकिन कार्यक्रम में जिले के प्रमुख प्रबुद्धजनों की उपस्थिति सीमित रही और सम्मेलन मुख्य रूप से भाजपा पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं तक ही सिमटा दिखाई दिया। ऐसे में कार्यक्रम को लेकर राजनीतिक हलकों में यह चर्चा रही कि भाजपा का प्रबुद्धजन सम्मेलन अपेक्षित प्रभाव नहीं छोड़ पाया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश महामंत्री मिथलेश गौत्तम ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में प्रबुद्धजनों और समाज के विभिन्न वर्गों की सक्रिय भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि प्रबुद्धजनों के सुझावों और अनुभवों से देश के विकास को नई दिशा और गति मिलती है। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस शासनकाल में सरकार गांधी परिवार के इशारे पर चलती थी, जबकि भाजपा शासन में मजबूत नीतियों का क्रियान्वयन हुआ है।

मिथलेश गौत्तम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने राष्ट्रीय सुरक्षा, विकास और वैश्विक पहचान के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार राष्ट्रहित और राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दों पर कोई समझौता नहीं करती। देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा के लिए सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने दावा किया कि आज भारत विश्व में एक उभरती हुई महाशक्ति के रूप में स्थापित हो रहा है।

कैबिनेट मंत्री कन्हैया लाल चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण और विकास को समर्पित रहे हैं। इन वर्षों में देश ने गरीबी उन्मूलन, वित्तीय समावेशन, आधारभूत ढांचे, जनकल्याणकारी योजनाओं और राष्ट्रीय सुरक्षा के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं।

चौधरी ने कहा कि मोदी सरकार ने गरीब, किसान, युवा और महिलाओं को केंद्र में रखकर योजनाओं का संचालन किया है। सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण की नीति के कारण आज भारत विश्व की प्रमुख शक्तियों में शामिल हो रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे केंद्र सरकार की उपलब्धियों को आमजन तक पहुंचाएं और विकसित भारत के संकल्प को मजबूत करें।

कार्यक्रम में जिला सहप्रभारी रामानंद गुर्जर, पूर्व जिलाध्यक्ष गणेश माहुर, सत्यनारायण चौधरी, जिला महामंत्री विष्णु शर्मा, प्रभु बाडोलिया, संतकुमार जैन, भरतपुर प्रभारी नरेश बंसल, डॉ. विक्रम सिंह गुर्जर, जिला उपाध्यक्ष शैलेन्द्र चौधरी, बबलू टैंकर, राजेश शर्मा, रमाकान्त शर्मा, ममता जाट, प्रधान काबरा, जिला मंत्री हरिराम यादव, नीलिमा आमेरा, तरुण टिक्किवाल, कोषाध्यक्ष महेंद्र सिरोठा, राजेश मंगल, अंकित जैन, रत्तीराम पहाड़िया, विजय मालवानी, रामावतार धाभाई, मीडिया प्रभारी कमलेश यादव, गणेश सैनी, लोकेश गुप्ता, शम्भू शर्मा, एससी मोर्चा अध्यक्ष मनीष सिसोदिया सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Previous
Next

Related Posts