



आबूराज। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और भाजपा प्रदेश अध्यक्षमदन राठौड़ ने शनिवार रात्रि आबूराज में नक्की झील और आसपास के क्षेत्रों का भ्रमण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने मॉल रोड स्थित बाजार में पैदल भ्रमण कर स्थानीय व्यापारियों, खरीदारी कर रहे लोगों, पर्यटकों और स्थानीय नागरिकों से संवाद किया तथा उनका हाल जाना।
मुख्यमंत्री ने रात्रि भ्रमण के दौरान महिलाओं और युवाओं से आत्मीय बातचीत की और क्षेत्र की व्यवस्थाओं व विकास कार्यों को लेकर फीडबैक लिया। उन्होंने बच्चों से भी आत्मीय मुलाकात की और उन्हें दुलार किया। मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर आमजन में विशेष उत्साह देखने को मिला। इस दौरान लोगों ने मुख्यमंत्री के साथ सेल्फी ली और प्रसन्नता जाहिर की।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा बाजार क्षेत्र से पैदल चलते हुए नक्की झील तक पहुंचे। यहां उन्होंने झील के निकट स्थित वाटिका में उपस्थित लोगों से मुलाकात की और उनसे बातचीत कर आबूराज में विकास कार्यों, पर्यटन सुविधाओं और स्थानीय व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली। इसके पश्चात मुख्यमंत्री ने नक्की झील में बोटिंग कर झील और आसपास के क्षेत्र का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों से क्षेत्र की व्यवस्थाओं और पर्यटकों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की।
मुख्यमंत्री के इस रात्रि भ्रमण को आमजन से सीधे संवाद और जमीनी स्तर पर व्यवस्थाओं का फीडबैक लेने की पहल के रूप में देखा जा रहा है। स्थानीय लोगों और व्यापारियों ने मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान अपने अनुभव साझा किए और क्षेत्र के विकास को लेकर सुझाव भी दिए। इस अवसर पर पंचायतीराज राज्य मंत्री ओटाराम देवासी, उद्योग एवं वाणिज्य राज्य मंत्री के.के. विश्नोई, सांसद लुम्बाराम चौधरी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, व्यापारी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
