



जयपुर। जयपुर पुलिस कमिश्नरेट की सीएसटी टीम और मुरलीपुरा थाना पुलिस ने शनिवार को कार्रवाई करते हुए 500-500 रुपए के नकली नोटों की 14 गड्डियां बरामद की हैं। पुलिस ने इस मामले में आरोपी पीयूष चौधरी को हिरासत में लिया है। आरोपी के कब्जे से नकली नोटों के साथ फर्जी नंबर प्लेट और कई अलग-अलग नंबर प्लेट भी बरामद की गई हैं।
जानकारी के अनुसार पुलिस टीम को देखकर आरोपी पीयूष चौधरी बिना नंबर की कार को तेज रफ्तार में भगाने लगा। इसके बाद पुलिस ने आरोपी का करीब 17 से 18 किलोमीटर तक पीछा किया। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने आरोपी की कार को साइड से टक्कर मारकर रुकवाया और उसे मौके पर ही पकड़ लिया।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर कार की तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार से 500-500 रुपए के नकली नोटों की 14 गड्डियां बरामद हुईं। इसके अलावा कार में लगी फर्जी नंबर प्लेट और सात अलग-अलग नंबर प्लेट भी मिलीं। पुलिस को आशंका है कि आरोपी फर्जी नंबर प्लेट का इस्तेमाल पहचान छिपाने और आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देने के लिए करता था।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान पीयूष चौधरी, उम्र 21 वर्ष, निवासी झुंझुनूं और हाल निवासी हरमाड़ा, जयपुर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी पर पहले से दर्ज ठगी के एक मामले में 15 हजार रुपए का इनाम घोषित था। ऐसे में आरोपी की गिरफ्तारी को पुलिस के लिए महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि नकली नोट कहां से लाए गए थे, इन्हें कहां सप्लाई किया जाना था और इस पूरे नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड और उसके संपर्कों की भी जांच कर रही है।