



मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शनिवार को पाली जिले के सुमेरपुर स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, नेतरा में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर का अवलोकन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने शिविर में लगाए गए विभिन्न विभागों की स्टॉल्स का निरीक्षण किया और वहां उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने शिविर में पहुंचे लाभार्थियों से सीधे संवाद कर योजनाओं के क्रियान्वयन और सुविधाओं को लेकर फीडबैक भी लिया।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि ग्रामीण सेवा शिविरों का उद्देश्य आमजन को सरकारी योजनाओं का लाभ उनके नजदीक उपलब्ध कराना है। शिविर के माध्यम से पात्र लोगों को मौके पर ही विभिन्न योजनाओं से जोड़ने और उनकी समस्याओं का समाधान करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविरों में आने वाले प्रत्येक जरूरतमंद व्यक्ति की बात संवेदनशीलता से सुनी जाए और पात्रता के अनुसार उसे योजनाओं का लाभ दिलाया जाए।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने विमुक्त, घुमन्तु और अर्द्धघुमन्तु योजना, पुराने घरों के विनियमितीकरण तथा रियायती दर पर पट्टा आवंटन से जरूरतमंद लोगों को लाभान्वित किया। उन्होंने लाभार्थियों से बातचीत कर यह भी जाना कि उन्हें योजना का लाभ मिलने में किसी प्रकार की परेशानी तो नहीं आई। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का वास्तविक लाभ पहुंचे।
कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और सांसद मदन राठौड़, पशुपालन एवं डेयरी मंत्री जोराराम कुमावत, नगरीय विकास एवं स्वायत्त शासन राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार झाबर सिंह खर्रा,, विधायक पुष्पेन्द्र सिंह, केसाराम चौधरी, वरिष्ठ अधिकारीगण और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। शिविर में ग्रामीणों ने विभिन्न विभागों से जुड़ी अपनी समस्याएं भी रखीं, जिनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।