Saturday, 20 June 2026

राजस्थान में पहली बार ई-बसों की शुरुआत, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जयपुर को 29 और भीलवाड़ा को 18 बसों की दी सौगात


राजस्थान में पहली बार ई-बसों की शुरुआत, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जयपुर को 29 और भीलवाड़ा को 18 बसों की दी सौगात

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

राजस्थान में स्वच्छ, सुरक्षित और सुगम सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने की दिशा में शनिवार को महत्वपूर्ण शुरुआत हुई। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना के तहत जयपुर में अमर जवान ज्योति से जेसीटीएसएल की 29 अत्याधुनिक इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसी दौरान उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से भीलवाड़ा में भी 18 इलेक्ट्रिक बसों का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन बसों के संचालन से प्रदेश में प्रदूषण कम करने, शहरी परिवहन को बेहतर बनाने और यात्रियों को सुरक्षित व सुविधाजनक सफर उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि शहरी परिवहन में इलेक्ट्रिक मोबिलिटी को बढ़ावा देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अगस्त 2023 में पीएम ई-बस सेवा योजना प्रारंभ की थी। इस योजना के तहत केंद्र सरकार डिपो निर्माण, इलेक्ट्रिक वर्क और बस संचालन में राज्य सरकार को सहायता उपलब्ध करा रही है। उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रिक बसों के संचालन से शहरों में प्रदूषण कम होगा और आमजन को आधुनिक सार्वजनिक परिवहन सुविधा मिलेगी।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बताया कि इस योजना के तहत राजस्थान के जयपुर, जोधपुर, उदयपुर, कोटा, बीकानेर, भीलवाड़ा, अलवर और अजमेर का चयन किया गया है। केंद्र सरकार की ओर से इन 8 जिलों के लिए 675 इलेक्ट्रिक बसें स्वीकृत की गई हैं। इसके अतिरिक्त 475 और ई-बसें स्वीकृत हुई हैं। इस प्रकार राजस्थान को कुल 1150 इलेक्ट्रिक बसें मिलेंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रथम चरण में दीपावली तक 675 ई-बसों का संचालन शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि आधुनिक तकनीक से सुसज्जित ये बसें दिव्यांगजन, महिलाओं, विद्यार्थियों और वरिष्ठ नागरिकों के लिए सुरक्षित, सुविधाजनक और किफायती यात्रा का माध्यम बनेंगी। इन बसों में सीसीटीवी कैमरे, पैनिक बटन और एसी जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बसों में निगरानी व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है। राज्य सरकार का संकल्प है कि प्रदेश के नागरिकों को आधुनिक, सुरक्षित और पर्यावरण-अनुकूल सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध कराया जाए।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार 555 ई-बसें शहरी परिवहन के लिए और 50 डबल डेकर ई-बसें पर्यटकों के लिए उपलब्ध कराएगी। इसके लिए तेजी से कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह कदम विकसित राजस्थान 2047 के संकल्प को साकार करने की दिशा में अहम साबित होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन की सरकार ने पिछले ढाई वर्ष में राजस्थान के पानी, बिजली, उद्योग, परिवहन सहित विभिन्न क्षेत्रों में विकास को नई गति दी है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने हरियालो राजस्थान अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य सरकार पर्यावरण संरक्षण को मजबूती दे रही है। इस अभियान के तहत अब तक लगभग 20 करोड़ पौधारोपण किया जा चुका है। उन्होंने प्रदेशवासियों से “एक पेड़ मां के नाम” और हरियालो राजस्थान अभियान के तहत पौधारोपण करने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अमर जवान ज्योति पर इलेक्ट्रिक बस का विधिवत पूजन कर उसका अवलोकन किया। उन्होंने बस में पैनिक बटन, एसी, सीसीटीवी कैमरे और अन्य आधुनिक सुविधाओं की जानकारी ली। इस दौरान मुख्यमंत्री ने चालक और परिचालक से भी बातचीत की। इसके बाद उन्होंने टिकट लेकर अमर जवान ज्योति से स्टेट हैंगर तक इलेक्ट्रिक बस में सफर किया।

कार्यक्रम में विधायक कालीचरण सराफ, गोपाल शर्मा, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास, जयपुर सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड के अध्यक्ष रवि जैन और जेसीटीएसएल के अन्य अधिकारी सहित आमजन मौजूद रहे। वहीं भीलवाड़ा से विधायक उदयलाल भडाणा, अशोक कोठारी सहित आमजन वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े।

मुख्यमंत्री ने परिचालक से  टिकट लेकर अमर जवान ज्योति से स्टेट हैंगर तक इलेक्ट्रिक बस में सफर किया।
मुख्यमंत्री ने परिचालक से टिकट लेकर अमर जवान ज्योति से स्टेट हैंगर तक इलेक्ट्रिक बस में सफर किया।
Previous
Next

Related Posts