Friday, 19 June 2026

राजस्थान में ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर पुलिस का शिकंजा, 15 दिन में 1.24 लाख वाहनों पर कार्रवाई


राजस्थान में ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर पुलिस का शिकंजा, 15 दिन में 1.24 लाख वाहनों पर कार्रवाई

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

जयपुर। राजस्थान में यातायात व्यवस्था को सुधारने और नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ पुलिस मुख्यालय का विशेष अभियान लगातार जारी है। वीआईपी कल्चर के नाम पर वाहनों में अवैध हूटर, बत्तियां, ब्लैक फिल्म, नियम विरुद्ध नंबर प्लेट और अन्य अवैध बदलाव करने वालों पर पुलिस सख्ती से कार्रवाई कर रही है। महानिदेशक पुलिस राजीव कुमार शर्मा के निर्देशों के बाद प्रदेशभर में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान की मॉनिटरिंग महानिदेशक पुलिस यातायात अनिल पालीवाल और अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस यातायात डॉ. बी.एल. मीणा कर रहे हैं।

डीजी ट्रैफिक अनिल पालीवाल ने बताया कि 4 जून से 18 जून 2026 तक 15 दिनों में राजस्थान पुलिस ने कुल 1,24,384 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की है। अभियान के दौरान सबसे अधिक कार्रवाई वाहनों के शीशों पर लगी अवैध ब्लैक फिल्म को लेकर की गई, जिसमें 46,958 चालान बनाए गए। इसके अलावा नियम विरुद्ध नंबर प्लेट और पंजीयन चिह्न के 31,961 मामलों, वाहनों पर अनाधिकृत शब्द, चिन्ह और लेखन के 17,209 मामलों, वाहन की बॉडी या चेसिस में अवैध परिवर्तन के 12,232 मामलों, अनाधिकृत लाल-नीली बत्ती, फ्लैशर, स्ट्रोब लाइट और हूटर के 9,271 मामलों तथा प्रेशर हॉर्न और एयर हॉर्न के 6,753 मामलों में कार्रवाई की गई।

विशेष अभियान के तहत गुरुवार को भी प्रदेशभर में बड़ी कार्रवाई की गई। इस दौरान कुल 7,447 वाहनों के खिलाफ चालान बनाए गए। इनमें 2,577 मामलों में ब्लैक फिल्म हटाने की कार्रवाई की गई, जबकि 1,813 मामलों में नियम विरुद्ध नंबर प्लेट, 1,173 मामलों में वाहनों पर अनाधिकृत शब्द एवं चिन्ह, 849 मामलों में वाहन संरचना में अवैध परिवर्तन, 603 मामलों में अनाधिकृत लाल-नीली बत्ती, फ्लैशर और हूटर तथा 432 मामलों में प्रेशर और एयर हॉर्न के खिलाफ कार्रवाई की गई।

जिलावार आंकड़ों में दौसा में सर्वाधिक 553 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई दर्ज की गई। इसके बाद जयपुर पश्चिम में 534, अजमेर में 492, जयपुर यातायात में 369, जयपुर ग्रामीण में 353, चित्तौड़गढ़ में 347 और बांसवाड़ा में 303 मामलों में कार्रवाई की गई। इसके अलावा प्रदेश के अन्य जिलों में भी विशेष अभियान के तहत प्रभावी प्रवर्तन किया गया।

डीजी ट्रैफिक अनिल पालीवाल ने कहा कि सड़क सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने आमजन से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, वाहनों में किसी भी प्रकार का अवैध संशोधन न करवाएं, ब्लैक फिल्म, प्रेशर हॉर्न, अनाधिकृत हूटर, अवैध बत्ती और नियम विरुद्ध नंबर प्लेट का उपयोग न करें, ताकि प्रदेश में सुरक्षित और व्यवस्थित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।

Previous
Next

Related Posts