



जयपुर। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के तहत आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री निवास पर विश्व योगासन चैम्पियनशिप के पदक विजेता खिलाड़ियों के साथ योगाभ्यास किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने योग को स्वस्थ जीवन का आधार बताते हुए कहा कि स्वस्थ और संतुलित जीवन के लिए योग करना बेहद आवश्यक है। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे योग को केवल एक दिन का कार्यक्रम न मानकर अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाएं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो शरीर, मन और आत्मा को संतुलित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। नियमित योगाभ्यास से न केवल शारीरिक स्वास्थ्य बेहतर होता है, बल्कि मानसिक शांति, एकाग्रता और सकारात्मक ऊर्जा भी प्राप्त होती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली है और आज पूरी दुनिया योग के महत्व को स्वीकार कर रही है।
इस दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अहमदाबाद में आयोजित प्रथम विश्व योगासन चैम्पियनशिप में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले राजस्थान के खिलाड़ियों की हौसला-अफजाई भी की। उन्होंने कहा कि राजस्थान के खिलाड़ियों ने पदक जीतकर देश और प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। चैम्पियनशिप में राजस्थान के खिलाड़ियों ने भारत के लिए कुल 10 पदक जीते, जिनमें 9 स्वर्ण पदक और 1 रजत पदक शामिल है।
मुख्यमंत्री ने पदक विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणा है। उन्होंने कहा कि योगासन के क्षेत्र में राजस्थान के खिलाड़ियों का यह प्रदर्शन दर्शाता है कि प्रदेश में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। सरकार खेलों और खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है, ताकि युवा खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राजस्थान का नाम रोशन कर सकें।