



नई दिल्ली। भाजपा दिल्ली की सह प्रभारी एवं राज्यसभा सदस्य डॉ. अलका सिंह गुर्जर ने कहा कि दिल्ली सरकार जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने शुक्रवार को रामकृष्णपुरम विधानसभा क्षेत्र के गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल में “सेवा, सुविधा, समाधान” थीम पर आधारित जनकल्याण शिविर का शुभारंभ किया। इस अवसर पर आरकेपुरम विधायक अनिल शर्मा, जिलाध्यक्ष रविंद्र चौधरी, सभी मंडल अध्यक्ष, एसडीएम राहुल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
डॉ. अलका सिंह गुर्जर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विश्वास, विकास और जनकल्याण के 12 वर्षों से प्रेरणा लेते हुए दिल्ली सरकार द्वारा 18 जून से 20 जून तक जनकल्याण शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इन शिविरों के माध्यम से केंद्र सरकार और दिल्ली सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़ी जानकारी, पंजीकरण और आवश्यक सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसका उद्देश्य यह है कि आमजन को योजनाओं का लाभ लेने में किसी प्रकार की परेशानी न हो और पात्र लोगों तक सरकारी सुविधाएं समय पर पहुंच सकें।
कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “सबका साथ, सबका विश्वास” के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली सरकार जनसेवा, सुशासन और विकास के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी, जनसंवाद और त्वरित समाधान के माध्यम से विकसित, सुरक्षित और जनहितैषी दिल्ली के संकल्प को साकार करने की दिशा में निरंतर कदम उठाए जा रहे हैं।
