Friday, 19 June 2026

पूर्व प्रधानमंत्री इंद्र कुमार गुजराल के बेटे पूर्व सांसद नरेश गुजराल के नाम से फर्जी प्रोफाइल बनाकर 7.8 करोड़ की साइबर ठगी


पूर्व प्रधानमंत्री इंद्र कुमार गुजराल के बेटे पूर्व सांसद नरेश गुजराल के नाम से फर्जी प्रोफाइल बनाकर 7.8 करोड़ की साइबर ठगी

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

पूर्व प्रधानमंत्री इंद्र कुमार गुजराल के बेटे और पूर्व राज्यसभा सांसद नरेश गुजराल साइबर ठगी का शिकार हो गए। साइबर अपराधियों ने मैसेजिंग ऐप पर उनकी फर्जी प्रोफाइल बनाकर उनकी कंपनी के मुख्य वित्तीय अधिकारी को धोखे में लिया और करीब 7.8 करोड़ रुपए अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर करा लिए। यह ठगी 12 जून से 16 जून के बीच की गई।

जानकारी के अनुसार साइबर ठगों ने नरेश गुजराल के नाम से फर्जी प्रोफाइल तैयार कर कंपनी के सीएफओ से संपर्क किया। प्रोफाइल को वास्तविक मानते हुए सीएफओ ने ठगों के निर्देश पर अलग-अलग बैंक खातों में राशि ट्रांसफर कर दी। 16 जून को नरेश गुजराल की बेटी की नजर इन संदिग्ध लेनदेन पर पड़ी। उन्होंने अपने पिता से इसकी पुष्टि की, तो पता चला कि नरेश गुजराल ने इस तरह के किसी भी भुगतान या राशि ट्रांसफर के निर्देश नहीं दिए थे।

इसके बाद मामले की शिकायत साइबर क्राइम ब्रांच में की गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि रकम पहले महाराष्ट्र और आंध्र प्रदेश के चार बैंक खातों में भेजी गई थी। प्रत्येक खाते में करीब 1 करोड़ से 2 करोड़ रुपए के बीच राशि ट्रांसफर की गई।

जांच एजेंसियों के अनुसार इसके बाद रकम को करीब 30 से 40 अलग-अलग खातों में बांटा गया। बाद में पैसे को कई अन्य म्यूल अकाउंट्स के जरिए घुमाया गया, ताकि धन के स्रोत और लेनदेन की वास्तविक श्रृंखला का पता लगाना मुश्किल हो सके। पुलिस अब बैंक खातों, डिजिटल ट्रेल और ठगी में शामिल नेटवर्क की जांच कर रही है।

यह मामला साइबर अपराधियों द्वारा पहचान की नकल कर कॉरपोरेट स्तर पर की जा रही वित्तीय ठगी का गंभीर उदाहरण माना जा रहा है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि फर्जी प्रोफाइल बनाने, सीएफओ को निर्देश देने और रकम को अलग-अलग खातों में घुमाने में कितने लोग शामिल थे।

    Previous
    Next

    Related Posts