



जयपुर। शहर में अवैध रूप से संचालित हुक्का बारों के खिलाफ पुलिस ने लगातार दूसरे दिन कार्रवाई करते हुए दो प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की। पुलिस ने दुर्गापुरा स्थित मर्करी कैफे हुक्का बार और जवाहर सर्किल क्षेत्र के 3डी रेस्टोरेंट एंड बार में दबिश देकर हुक्के, फ्लेवर, पाइप और अन्य सामग्री जब्त की है। दोनों मामलों में बार मैनेजरों के खिलाफ कोटपा अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।
डीसीपी ईस्ट रंजीता शर्मा ने बताया कि बजाज नगर थाना पुलिस ने दुर्गापुरा स्थित एसएल मार्ग पर संचालित मर्करी कैफे हुक्का बार पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से 3 हुक्के, फ्लेवर से भरी 3 चिलमें, 6 पाइप, एक चिमटा और अन्य सामग्री जब्त की। मौके पर हुक्का पी रहे युवक-युवतियों के चालान भी काटे गए। पुलिस ने कैफे मैनेजर विनय अधिकारी, उम्र 36 वर्ष, के खिलाफ कोटपा अधिनियम की धारा 4A/21A के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया है।
जवाहर सर्किल थाना पुलिस ने जेएलएन मार्ग स्थित यूडीबी बिल्डिंग में संचालित 3डी रेस्टोरेंट एंड बार में छापा मारा। पुलिस को सूचना मिली थी कि रेस्टोरेंट में ग्राहकों को खाने-पीने की सामग्री के साथ तंबाकूयुक्त फ्लेवर का हुक्का परोसा जा रहा है। जांच के दौरान रेस्टोरेंट से 7 हुक्के, 7 चिलमें, 7 पाइप और विभिन्न प्रकार के तंबाकूयुक्त फ्लेवर बरामद किए गए।
पुलिस ने रेस्टोरेंट मैनेजर जितेंद्र सिंह से लाइसेंस और वैध अनुमति से संबंधित दस्तावेज मांगे, लेकिन वह कोई वैध अनुमति प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने मौके से बरामद पूरा सामान जब्त कर मैनेजर को गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान हुक्का पीते मिले 6 युवकों के खिलाफ भी कोटपा अधिनियम के तहत चालान किए गए।
दोनों कार्रवाइयों में पुलिस ने कुल 10 हुक्के, 10 चिलमें, 13 पाइप, तंबाकूयुक्त फ्लेवर और अन्य उपकरण जब्त किए हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कैफे, बार और रेस्टोरेंट में अवैध हुक्का बार संचालन पर रोक लगाने के लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है। शहर में अवैध हुक्का बारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।