Thursday, 18 June 2026

राहुल गांधी गंभीर राजनीति नहीं करते, बिना सोचे-समझे बयानबाजी करते हैं: मदन राठौड़


राहुल गांधी गंभीर राजनीति नहीं करते, बिना सोचे-समझे बयानबाजी करते हैं: मदन राठौड़

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

दिल्ली। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि राहुल गांधी गंभीर राजनीति नहीं करते और बिना सोचे-समझे बयानबाजी करते हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी विद्यार्थियों को भ्रमित करने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन देश और प्रदेश के विद्यार्थी समझदार हैं और उनके बहकावे में आने वाले नहीं हैं।

दिल्ली प्रवास के दौरान मीडिया से बातचीत में सांसद मदन राठौड़ ने कहा कि विद्यार्थी अच्छी तरह जानते हैं कि जो स्वयं विवेकपूर्ण और जिम्मेदार आचरण नहीं करता, वह दूसरों को क्या विवेक सिखाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी केवल राजनीतिक लाभ के लिए युवाओं और विद्यार्थियों के मुद्दों को उठाने का प्रयास कर रहे हैं।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि नीट पेपर लीक की घटना केरल से जुड़ी हुई है और उसका राजस्थान से कोई संबंध नहीं है। इसके बावजूद राहुल गांधी राजस्थान आकर राजनीतिक बयानबाजी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सभी को अपनी बात रखने का अधिकार है, लेकिन इस प्रकार की राजनीति से राहुल गांधी की छवि को नुकसान पहुंच रहा है।

मदन राठौड़ ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि अशोक गहलोत सरकार के कार्यकाल में राजस्थान में कई पेपर लीक की घटनाएं हुईं, लेकिन उस समय राहुल गांधी ने युवाओं की आवाज नहीं उठाई। उन्होंने कहा कि कई युवाओं की नौकरी लगने के बाद भर्तियां रद्द हुईं और उनके सपनों को चकनाचूर करने का काम कांग्रेस सरकार के समय हुआ। राठौड़ ने कहा कि इसके विपरीत वर्तमान सरकार ने परीक्षा में अनियमितता सामने आने पर तुरंत निर्णय लेते हुए विद्यार्थियों के हित में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कीं।

पत्रकारों के सवाल पर मदन राठौड़ ने कहा कि कुछ लोग नीतिगत आधार पर नहीं, बल्कि परिस्थितिवश अन्य दलों के साथ जुड़े हुए हैं। जैसे-जैसे उन्हें वास्तविक स्थिति और राष्ट्रीय दृष्टिकोण का महत्व समझ आएगा, वे स्वयं सही निर्णय लेंगे। उन्होंने कहा कि जिन राजनीतिक दलों के पास कोई स्पष्ट राष्ट्रीय एजेंडा नहीं है, उनसे जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता धीरे-धीरे दूरी बना लेते हैं।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि राष्ट्र प्रथम की भावना और विकसित भारत के संकल्प के साथ कार्य करने वाली भारतीय जनता पार्टी के साथ आने वालों की संख्या लगातार बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लक्ष्य भारत को विकसित राष्ट्र बनाना है। मोदी सरकार राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए देश को मजबूत बनाने, महिलाओं को समान अधिकार दिलाने और सर्वांगीण विकास सुनिश्चित करने के लिए कार्य कर रही है। राठौड़ ने विश्वास जताया कि जागरूकता बढ़ने के साथ लोग भाजपा की नीतियों और प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व पर और अधिक भरोसा व्यक्त करेंगे।

Previous
Next

Related Posts