



जयपुर। पाकिस्तान के लिए कथित रूप से जासूसी करने के आरोप में गिरफ्तार मुस्ताक अली (26) को सीआईडी इंटेलिजेंस राजस्थान ने मंगलवार सुबह जयपुर की अदालत में पेश किया। आरोपी को कार्यालय विशिष्ट न्यायिक मजिस्ट्रेट क्रम संख्या-10, जयपुर महानगर प्रथम की अवकाशकालीन अदालत में प्रस्तुत किया गया, जहां अदालत ने उसे पांच दिन की पुलिस रिमांड पर भेजने के आदेश दिए।
मजिस्ट्रेट दिशा परिहार ने मामले की सुनवाई के बाद आरोपी को 22 जून तक सीआईडी इंटेलिजेंस की रिमांड पर सौंप दिया। जांच एजेंसी ने अदालत से सात दिन की रिमांड की मांग की थी, हालांकि अदालत ने पांच दिन की रिमांड मंजूर की। अब आरोपी को 22 जून को पुनः न्यायालय में पेश किया जाएगा।
अदालत में पेश करने से पहले मुस्ताक अली का जयपुरिया अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया गया। इसके बाद सीआईडी इंटेलिजेंस की टीम उसे सुरक्षा व्यवस्था के बीच न्यायालय लेकर पहुंची।
सीआईडी इंटेलिजेंस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मुस्ताक अली पिछले लगभग दो वर्षों से पाकिस्तानी खुफिया एजेंसियों के हैंडलर्स के संपर्क में था। आरोप है कि वह जैसलमेर के सीमावर्ती क्षेत्र में चाय की दुकान संचालित करने की आड़ में सेना और सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) की गतिविधियों पर नजर रखता था तथा संवेदनशील सूचनाएं, फोटो और वीडियो पाकिस्तानी हैंडलर्स तक पहुंचाता था।
जांच एजेंसियां अब रिमांड अवधि के दौरान आरोपी के संपर्क सूत्रों, वित्तीय लेनदेन, डिजिटल उपकरणों और पाकिस्तानी खुफिया नेटवर्क से उसके संबंधों की गहन पड़ताल करेंगी। अधिकारियों का मानना है कि पूछताछ से सीमा क्षेत्र में सक्रिय संभावित नेटवर्क और अन्य सहयोगियों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकती है।