



टोंक जिले के पीपलू क्षेत्र में सम्मान समारोह के दौरान अचानक हादसा हो गया, जिसमें विधायक रामसहाय वर्मा घायल हो गए। जानकारी के अनुसार विधायक रामसहाय वर्मा रॉयल क्रिकेट क्लब पीपलू के कार्यक्रम का उद्घाटन करने के बाद अमरती नगर में आयोजित जनसुनवाई एवं सम्मान समारोह में शामिल होने पहुंचे थे। कार्यक्रम में स्वागत के दौरान विधायक को घोड़ी पर बैठाया गया था। इसी दौरान घोड़ी अचानक बेकाबू हो गई और उसका संतुलन बिगड़ गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घोड़ी के बेकाबू होने के बाद विधायक रामसहाय वर्मा पास में लगे टीनशेड से टकरा गए। हादसे में उनके दाएं हाथ की तीन अंगुलियों में चोटें आईं। घटना के बाद कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। वहां मौजूद लोगों और समर्थकों ने तुरंत विधायक को संभाला और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए विधायक रामसहाय वर्मा को जयपुर रेफर कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही समर्थकों और क्षेत्रवासियों में चिंता का माहौल बन गया। चिकित्सकों के अनुसार विधायक की स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।