Wednesday, 17 June 2026

जयपुर पटाखा फैक्ट्री अग्निकांड: मुख्य आरोपी कय्यूम खान 4 दिन की पुलिस रिमांड पर, कोर्ट में बोला- फैक्ट्रीदी थी किराए पर


जयपुर पटाखा फैक्ट्री अग्निकांड: मुख्य आरोपी कय्यूम खान 4 दिन की पुलिस रिमांड पर, कोर्ट में बोला- फैक्ट्रीदी थी किराए पर

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

जयपुर। खोह-नागोरियान क्षेत्र के करीम नगर स्थित अवैध पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण अग्निकांड मामले में गिरफ्तार मुख्य आरोपी कय्यूम खान को बुधवार को अदालत में पेश किया गया। सुनवाई के बाद अदालत ने आरोपी को चार दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया। अब उसे 20 जून को दोबारा न्यायालय में पेश किया जाएगा। इस हादसे में आठ लोगों की मौत हुई थी, जिसके बाद से पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।

कोर्ट में पेशी से पहले कय्यूम खान ने पहली बार मीडिया के सामने अपनी सफाई दी। उसने दावा किया कि उसने फैक्ट्री को केवल किराए पर दिया था और उसका संचालन या कारोबार में कोई प्रत्यक्ष हिस्सा नहीं था। आरोपी ने कहा कि आग की घटना में हुई मौतों से वह भयभीत हो गया था, जिसके कारण वह फरार हो गया। उसने मृतकों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि उसे लोगों की मौत का अफसोस है। हालांकि पटाखा कारोबार, फैक्ट्री संचालन और कथित साझेदारी से जुड़े सवालों पर उसने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी।

मामले में मृतक नाबालिग रब्बिल के परिजनों की ओर से पैरवी कर रहे अधिवक्ता हाशिम कुरैशी ने आरोपी के दावों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कय्यूम खान मीडिया के सामने स्वयं को मकान मालिक बता रहा है, जबकि अदालत में उसके वकील द्वारा अलग रुख अपनाया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपी स्वयं को बचाने के लिए कथित रूप से फर्जी दस्तावेजों का सहारा ले रहा है। साथ ही उन्होंने कहा कि इस मामले में अन्य आरोपियों और फरार लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जानी चाहिए।

पुलिस के अनुसार जांच में सामने आया है कि कय्यूम खान पटाखा निर्माण और उससे जुड़े कारोबार में सक्रिय था, लेकिन फैक्ट्री संचालन के लिए उसके पास कोई वैध लाइसेंस या कानूनी अनुमति नहीं थी। पुलिस अब अवैध कारोबार, वित्तीय लेन-देन और फैक्ट्री संचालन से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

खोह-नागोरियान थाना पुलिस के अनुसार हादसे के बाद आरोपी लगातार अपने ठिकाने बदलता रहा। वह जयपुर, टोंक, गाजियाबाद और उत्तर प्रदेश के विभिन्न इलाकों में छिपता रहा। जांच में यह भी सामने आया कि फरारी के दौरान उसके पास आर्थिक संसाधन समाप्त हो गए थे, जिसके बाद उसने जीविका चलाने के लिए कचरा बीनने तक का सहारा लिया। जयपुर लौटने के दौरान पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने बताया कि मामले में अब तक नौ एफआईआर दर्ज की जा चुकी हैं। आरोपी की फरारी में मदद करने के आरोप में सलमान नामक व्यक्ति को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। वहीं कय्यूम खान के भाई और अन्य सहयोगियों की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि अग्निकांड से जुड़े पूरे नेटवर्क और अवैध पटाखा कारोबार की परत-दर-परत जांच की जा रही है।

Previous
Next

Related Posts