



जयपुर। जयपुर डिस्कॉम की विजिलेंस टीम ने बिजली चोरी के खिलाफ चलाए गए विशेष अभियान के दौरान छह मामलों का खुलासा किया है। कार्रवाई के दौरान एक उपभोक्ता को बिजली मीटर में विशेष डिवाइस लगाकर रिमोट के जरिए बिजली चोरी करते हुए पकड़ा गया, जबकि पांच अन्य आवासीय परिसरों में अवैध तार जोड़कर बिजली का उपयोग किया जा रहा था। डिस्कॉम ने सभी मामलों में कुल 6.59 लाख रुपए का जुर्माना लगाया है तथा संबंधित बिजली कनेक्शन तत्काल प्रभाव से काट दिए गए हैं।
विजिलेंस टीम ने मंगलवार को कुंडा की ढाणी और नला पावर हाउस क्षेत्र में छापेमारी की। जांच के दौरान अधिकारियों ने मौके से बिजली मीटर, रिमोट कंट्रोल डिवाइस तथा अवैध रूप से उपयोग की जा रही केबलें जब्त कर लीं। डिस्कॉम अधिकारियों के अनुसार बिजली चोरी के मामलों में आगे भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (विजिलेंस) महेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि अधिशाषी अभियंता केसी गुप्ता के निर्देशन में नांगल सुसावतान स्थित रूप विहार कॉलोनी और कुंडा की ढाणी क्षेत्र में बिजली कनेक्शनों की जांच की गई। जांच के दौरान पांच आवासीय परिसरों में मीटर से पहले सर्विस लाइन में कट लगाकर अवैध रूप से बिजली उपयोग करते हुए पाया गया। इन पांच मामलों में डिस्कॉम ने करीब 5.42 लाख रुपए का जुर्माना निर्धारित किया है।
वहीं सहायक अभियंता पुखराज मीना के नेतृत्व में नला पावर हाउस क्षेत्र के नारायणपुरी रावल जी का बंधा इलाके में एक मकान की जांच की गई। यहां उपभोक्ता ने बिजली मीटर के भीतर विशेष इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस लगा रखी थी, जिसे रिमोट के माध्यम से नियंत्रित कर बिजली खपत कम दर्ज कराई जा रही थी। इस मामले में डिस्कॉम ने लगभग 1.17 लाख रुपए का जुर्माना लगाया है।
डिस्कॉम अधिकारियों ने बताया कि बिजली चोरी रोकने के लिए विशेष निगरानी अभियान लगातार जारी रहेगा। बिजली चोरी से न केवल विभाग को आर्थिक नुकसान होता है, बल्कि विद्युत वितरण व्यवस्था पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। ऐसे मामलों में दोषी पाए जाने वाले उपभोक्ताओं के विरुद्ध विद्युत अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है।