Tuesday, 16 June 2026

किशाऊ बहु-उद्देशीय परियोजना पर 6 राज्यों में सहमति, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बताया राजस्थान के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि


किशाऊ बहु-उद्देशीय परियोजना पर 6 राज्यों में सहमति, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बताया राजस्थान के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने किशाऊ बहु-उद्देशीय परियोजना के क्रियान्वयन को लेकर राजस्थान सहित छह राज्यों के बीच बनी सहमति को प्रदेश के लिए ऐतिहासिक और अत्यंत महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है। उन्होंने कहा कि यह समझौता राजस्थान के करोड़ों नागरिकों की जल सुरक्षा, समृद्धि और उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक बड़ा और दूरगामी कदम है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व और मार्गदर्शन में इस महत्वाकांक्षी परियोजना को आगे बढ़ाने के लिए राज्यों के बीच सहमति बनना देश में सहकारी संघवाद की भावना का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने कहा कि राजस्थान लंबे समय से जल संकट की चुनौतियों का सामना कर रहा है और ऐसे में किशाऊ बहु-उद्देशीय परियोजना प्रदेश के लिए जीवनदायिनी साबित होगी।

उन्होंने बताया कि परियोजना के माध्यम से राजस्थान को अतिरिक्त जल उपलब्ध होगा, जिससे वर्तमान जल आवश्यकताओं की पूर्ति के साथ-साथ भविष्य की पीढ़ियों के लिए भी जल संसाधनों का मजबूत आधार तैयार होगा। इससे प्रदेश में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को मजबूती मिलेगी, कृषि क्षेत्र को लाभ होगा तथा सिंचाई सुविधाओं के विस्तार से किसानों की आय और उत्पादन क्षमता में वृद्धि होगी।

मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार द्वारा परियोजना के जल घटक पर होने वाले व्यय का 90 प्रतिशत वहन किए जाने के निर्णय की सराहना करते हुए कहा कि यह जनकल्याण के प्रति केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता और संवेदनशील नेतृत्व का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि इस परियोजना से न केवल जल उपलब्धता बढ़ेगी बल्कि प्रदेश के समग्र आर्थिक और सामाजिक विकास को भी नई गति मिलेगी।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने विश्वास व्यक्त किया कि किशाऊ बहु-उद्देशीय परियोजना राजस्थान के जल भविष्य को सुरक्षित करने के साथ-साथ विकास के नए अवसर भी सृजित करेगी और प्रदेश के नागरिकों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव लाएगी।

Previous
Next

Related Posts