Tuesday, 16 June 2026

सोमवती अमावस्या पर मातम: राजस्थान में तीन भीषण सड़क हादसों में 12 श्रद्धालुओं की मौत, कई घायल


सोमवती अमावस्या पर मातम: राजस्थान में तीन भीषण सड़क हादसों में 12 श्रद्धालुओं की मौत, कई घायल

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

सोमवती अमावस्या पर धार्मिक स्थलों के दर्शन और पुण्य स्नान के लिए निकले श्रद्धालुओं के लिए सोमवार का दिन दर्दनाक साबित हुआ। राजस्थान के अलग-अलग जिलों में हुए तीन भीषण सड़क हादसों में 12 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मुकाम धाम दर्शन, कमलेश्वर महादेव मंदिर और पुष्कर स्नान के लिए निकले परिवारों की आस्था की यात्रा देखते ही देखते मातम में बदल गई।

मुकाम धाम से लौट रहे परिवार के 6 लोगों की मौत

सबसे दर्दनाक हादसा बीकानेर जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग पर सीजराल होटल के पास हुआ, जहां मुकाम धाम से दर्शन कर लौट रहे एक ही परिवार के छह लोगों की मौके पर मौत हो गई। हादसे में आठ वर्षीय बालिका गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसका बीकानेर के पीबीएम अस्पताल में उपचार जारी है।

मृतकों की पहचान हरियाणा के फतेहाबाद जिले के मताना गांव निवासी ओमप्रकाश विश्नोई (60), उनकी पत्नी सोरमा देवी (55), बेटी प्रमीला (35), पोता रोनित (11), यशवी (10) और खुशी (10) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि परिवार गुरु जम्भेश्वर महाराज के समाधि स्थल मुकाम धाम के दर्शन कर लौट रहा था। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में केवल आठ वर्षीय तनवी जीवित बची है, जिसकी हालत गंभीर बनी हुई है। प्रारंभिक तौर पर हादसे का कारण तेज गति या चालक को झपकी आना माना जा रहा है।

कमलेश्वर महादेव से लौट रहे श्रद्धालुओं का वाहन खाई में गिरा

दूसरा हादसा झालावाड़ जिले के राष्ट्रीय राजमार्ग-52 पर घाटोली थाना क्षेत्र के गुलखेड़ी गांव के पास हुआ। यहां कमलेश्वर महादेव मंदिर से लौट रहे श्रद्धालुओं से भरा एक लोडिंग वाहन अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरा।

वाहन में कुल 21 श्रद्धालु सवार थे। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 16 अन्य घायल हो गए। मृतकों की पहचान राधीबाई तंवर (65), घीसीबाई तंवर (70) और पांचूलाल तंवर (27) के रूप में हुई है। हादसे के समय अधिकांश यात्री सो रहे थे। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोगों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

पुष्कर स्नान के लिए जा रहे परिवार की कार बस से टकराई

तीसरा हादसा नागौर जिले के जसनगर क्षेत्र में लूणी नदी की रपट पर हुआ। सोमवती अमावस्या पर पुष्कर सरोवर में स्नान के लिए जा रहे एक परिवार की कार की बस से आमने-सामने भिड़ंत हो गई। दुर्घटना में एक मासूम बच्ची सहित तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य घायल हो गए।

करौली जिले के खेड़ा गांव निवासी परिवार के नौ सदस्य कार में सवार होकर पुष्कर जा रहे थे। हादसे में जितेंद्र (40), शीला (35) और सात वर्षीय मन्नू की मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद उच्च चिकित्सा केंद्रों में रेफर किया गया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार पलट गई और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए। स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस ने मिलकर घायलों को बाहर निकाला। मामले में बस चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज किया गया है।

आस्था की यात्रा बनी दर्दनाक त्रासदी

तीनों हादसों ने प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। धार्मिक आस्था के साथ निकले कई परिवारों ने अपने प्रियजनों को खो दिया, जबकि कई लोग अस्पतालों में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहे हैं। पुलिस ने सभी मामलों में जांच शुरू कर दी है और दुर्घटनाओं के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Previous
Next

Related Posts