



जयपुर के जवाहर सर्किल थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध रूप से संचालित किए जा रहे एक हुक्का बार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए क्लब मैनेजर को गिरफ्तार किया है। मालवीय नगर स्थित क्वीन्स हब क्लब में देर रात की गई इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने हुक्का पीने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री और विभिन्न प्रकार के फ्लेवर जब्त किए हैं।
पूर्वी जयपुर की पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) Ranjita Sharma के अनुसार पुलिस को 15 जून को मुखबिर के माध्यम से सूचना मिली थी कि गिरधर मार्ग स्थित क्वीन्स हब क्लब में ग्राहकों को खाने-पीने की सामग्री के साथ हुक्का परोसा जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने क्लब में दबिश देकर जांच की।
पुलिस कार्रवाई के दौरान क्लब के भीतर कुछ युवक टेबल पर रखे हुक्कों के माध्यम से तंबाकूयुक्त फ्लेवर का सेवन करते पाए गए। तलाशी के दौरान पुलिस ने मौके से 3 हुक्के, 17 पाइप, 5 चिलम और विभिन्न प्रकार के फ्लेवर के पैकेट जब्त किए।
जांच के दौरान क्लब प्रबंधन से हुक्का संचालन संबंधी वैध अनुमति और लाइसेंस मांगा गया, लेकिन क्लब मैनेजर कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने क्लब मैनेजर इरशाद (31), निवासी जिला नूंह (हरियाणा), को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने हुक्का सेवन करते पाए गए दो युवकों के खिलाफ भी सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम (कोटपा) के तहत कार्रवाई करते हुए चालान जारी किया और जुर्माना वसूला।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर में अवैध हुक्का बारों और नियमों के उल्लंघन के साथ संचालित होने वाली देर रात की पार्टियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।