Monday, 15 June 2026

जयपुर में सीजेपी संस्थापक अभिजीत दीपके पर हमला, 6 युवक हिरासत में, प्रदर्शन स्थल पर मचा हंगामा


जयपुर में सीजेपी संस्थापक अभिजीत दीपके पर हमला, 6 युवक हिरासत में, प्रदर्शन स्थल पर मचा हंगामा

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

जयपुर के शहीद स्मारक पर आयोजित कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के विरोध-प्रदर्शन के दौरान पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके पर हमला होने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, प्रदर्शन के दौरान छह युवकों ने अभिजीत दीपके को थप्पड़ मार दिए, जिसके बाद मौके पर हंगामे की स्थिति बन गई।

घटना के तुरंत बाद सीजेपी समर्थकों ने हमलावर युवकों में से दो को पकड़ लिया और उनकी पिटाई कर दी। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने हस्तक्षेप कर मामला शांत कराया। पुलिस ने राकेश गुर्जर, रोहित वैष्णव, अर्जुन पंडित, अजय सहित कुल छह युवकों को हिरासत में ले लिया है। सभी को पूछताछ के लिए विधायकपुरी थाना लाया गया है।

अभिजीत दीपके सोमवार को नीट पेपर लीक, शिक्षा व्यवस्था में सुधार, बेरोजगारी और युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर आयोजित प्रदर्शन में शामिल होने जयपुर पहुंचे थे। उनकी अगुवाई में सैकड़ों युवा शहीद स्मारक पर एकत्रित हुए और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे।

प्रदर्शन के दौरान युवाओं ने प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक पर रोक लगाने, शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने की मांग उठाई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, युवा और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हुए थे।

हमले की घटना के बाद कुछ समय के लिए प्रदर्शन स्थल पर तनाव का माहौल बन गया। पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया। घटना के कारणों और हमलावर युवकों के उद्देश्य को लेकर पुलिस जांच कर रही है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार हिरासत में लिए गए युवकों से पूछताछ की जा रही है और उपलब्ध वीडियो फुटेज व अन्य साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।


Previous
Next

Related Posts