Monday, 15 June 2026

नीट पेपर लीक और बेरोजगारी के खिलाफ जयपुर में सीजेपी का प्रदर्शन, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की उठी मांग


नीट पेपर लीक और बेरोजगारी के खिलाफ जयपुर में सीजेपी का प्रदर्शन, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की उठी मांग

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

जयपुर के शहीद स्मारक पर सोमवार को कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के बैनर तले बड़ी संख्या में युवाओं ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का मुख्य मुद्दा नीट पेपर लीक, शिक्षा व्यवस्था में सुधार, बेरोजगारी और युवाओं से जुड़े विभिन्न विषय रहे। प्रदर्शन में शामिल युवाओं ने केंद्र सरकार और शिक्षा व्यवस्था के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगें उठाईं।

प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे युवाओं के हाथों में तिरंगा और विभिन्न संदेशों वाले पोस्टर दिखाई दिए। पोस्टरों पर “मुझे देश से प्यार है, भ्रष्टाचार अस्वीकार है” और “पेपर लीक बंद करो” जैसे नारे लिखे हुए थे। प्रदर्शन में कई महिलाएं भी अपने छोटे बच्चों के साथ शामिल हुईं और युवाओं की मांगों का समर्थन किया।

प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर जोरदार नारेबाजी की। उनका कहना था कि प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक के मामलों से लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ है और इसके लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

प्रदर्शन शुरू होने से पहले सीजेपी के स्वयंसेवकों ने शहीद स्मारक के प्रवेश द्वार पर कॉकरोच का प्रतीकात्मक चित्र बनाया। इसके साथ ही “धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो” का नारा भी लिखकर विरोध दर्ज कराया गया। प्रदर्शन के दौरान युवाओं ने शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और भर्ती परीक्षाओं में निष्पक्षता सुनिश्चित करने की मांग की।

पुलिस प्रशासन ने पूर्व अनुमति के आधार पर प्रदर्शन की इजाजत दी थी। प्रशासन की ओर से कुछ शर्तें भी निर्धारित की गई थीं। इसके तहत प्रदर्शन में शामिल होने वालों की संख्या 800 से अधिक नहीं हो सकती थी। साथ ही डीजे बजाने और किसी प्रकार की रैली निकालने की अनुमति नहीं दी गई थी। पुलिस और प्रशासन के अधिकारी पूरे कार्यक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि युवाओं से जुड़े मुद्दों पर सरकार को गंभीरता से ध्यान देना चाहिए और शिक्षा तथा रोजगार से संबंधित समस्याओं का स्थायी समाधान निकालना चाहिए। वहीं आयोजनकर्ताओं ने इसे युवाओं की आवाज बुलंद करने का प्रयास बताया।

Previous
Next

Related Posts