



लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी 17 जून को राजस्थान के कोटा दौरे पर आएंगे। देशभर में नीट परीक्षा, पेपर लीक और छात्रों से जुड़े विभिन्न मुद्दों के बीच राहुल गांधी छात्रों और युवाओं से सीधा संवाद करेंगे। उनका कार्यक्रम शाम 5:30 बजे कोटा के दशहरा मैदान स्थित श्रीराम रंगमंच पर आयोजित होगा, जो लगभग तीन घंटे तक चलेगा।
कांग्रेस नेताओं के अनुसार यह कार्यक्रम पारंपरिक राजनीतिक सभाओं से अलग होगा। आयोजन स्थल पर न तो बड़ा मंच बनाया जाएगा और न ही नेताओं के लंबे भाषण होंगे। राहुल गांधी सीधे छात्रों और युवाओं के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं, सुझावों और विचारों को सुनेंगे। इसके लिए विशेष कॉरिडोर की व्यवस्था की जाएगी, जिससे वे विद्यार्थियों के बीच जाकर आमने-सामने संवाद कर सकें।
कांग्रेस का कहना है कि यह कार्यक्रम युवाओं और छात्रों की वास्तविक समस्याओं को समझने का प्रयास होगा। नीट परीक्षा और पेपर लीक जैसे मामलों को लेकर छात्रों में जो असंतोष है, उसे जानने और उनकी आवाज को मंच देने के उद्देश्य से यह संवाद आयोजित किया जा रहा है। राजनीतिक दृष्टि से भी इस कार्यक्रम को महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि कोटा देश का प्रमुख कोचिंग हब माना जाता है।
कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर रविवार को कांग्रेस कार्यालय में बैठक आयोजित की गई। बैठक में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की सचिव और राजस्थान की सह प्रभारी पूनम पासवान, शहर कांग्रेस अध्यक्ष राखी गौतम तथा विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा पर चर्चा की गई और पदाधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
पूनम पासवान ने कार्यक्रम को लेकर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने रेडियो कार्यक्रम के माध्यम से देश को ‘मन की बात’ सुनाते हैं, जबकि राहुल गांधी देश के भविष्य माने जाने वाले छात्रों और युवाओं की ‘मन की बात’ सुनने के लिए कोटा आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि नीट पेपर लीक और छात्रों के भविष्य से जुड़े मुद्दों को लेकर कांग्रेस छात्र संवाद अभियान को आगे बढ़ाएगी।
राहुल गांधी का यह दौरा ऐसे समय हो रहा है जब प्रतियोगी परीक्षाओं की पारदर्शिता, पेपर लीक और युवाओं के भविष्य को लेकर देशभर में बहस जारी है। ऐसे में कोटा में होने वाला यह संवाद कार्यक्रम छात्रों और राजनीतिक दलों दोनों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।